मुख्य खबरेअपराधइंदौर

इंदौर में दिनदहाड़े महिला की चेन स्नैचिंग का खुलासा, भोपाल मूल का नाबालिग हिरासत में; साथी फरार

नाबालिग के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक और झपटी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा बरामद, पहले से पांच मामले दर्ज।

जनोदय पंच। इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र की पत्रकार कॉलोनी में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन झपटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भोपाल मूल के एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। उसका साथी अभी फरार है।

दिनदहाड़े महिला को बनाया निशाना

मामला पलासिया थाना क्षेत्र की पत्रकार कॉलोनी का है। 26 अगस्त की सुबह बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाया। आरोपियों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटी और मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद पलासिया पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

पुलिस टीम ने घटनास्थल सहित आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस भोपाल मूल के एक नाबालिग तक पहुंची और उसे हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच में सामने आया कि नाबालिग पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बाइक और चेन का आधा हिस्सा बरामद

पुलिस ने नाबालिग के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा महिला से झपटी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने चेन आपस में बांट ली थी। चेन का दूसरा हिस्सा वारदात में शामिल फरार आरोपी के पास होने की बात सामने आई है।

फरार साथी की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!