खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

बलवाड़ी में उमड़ा आस्था का सैलाब, 12वां विशाल शिव डोला भव्य झांकियों और आतिशबाजी के साथ सम्पन्न

हजारों श्रद्धालुओं ने किए बाबा भूतेश्वर महादेव के दर्शन, 22 झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र, 11 क्विंटल अन्नकूट प्रसादी वितरित

जनोदय पंच। बलवाड़ी में बाबा भूतेश्वर महादेव के दर्शन और आशीर्वाद के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। जय श्री महांकाल ग्रुप द्वारा आयोजित 12वां विशाल शिव डोला भव्य झांकियों, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के बीच निकाला गया। आयोजन में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

भीलटदेव मंदिर से हुआ शिव डोले का शुभारंभ

जय श्री महांकाल ग्रुप बलवाड़ी द्वारा आयोजित 12वां विशाल शिव डोला सोमवार को धूमधाम और आकर्षक अंदाज में सम्पन्न हुआ। शिव डोले का शुभारंभ श्री भीलटदेव मंदिर से हुआ। शिरपुर महाराष्ट्र से पधारी साध्वी पायल बुवा द्वारा बाबा भूतेश्वर महादेव का अभिषेक किया गया, जिसके बाद शिव डोले को रवाना किया गया।

22 झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

शिव डोले में 22 प्रकार की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इनमें चीर हरण, भूतों की टोली, मेलडी माता और भीलटदेव की झांकियां शामिल थीं। उज्जैन की तर्ज पर तैयार किया गया 5 क्विंटल से अधिक मिट्टी का शिवलिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

शिरपुर महाराष्ट्र में मेलडी सरकार के नाम से प्रसिद्ध पायल बुवा रथ पर सवार होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देती नजर आईं।

जेसीबी से पुष्पवर्षा कर किया भव्य स्वागत

शिव डोला सर्वेश्वर मंदिर से होते हुए बस स्टैंड पहुंचा। यहां विशेष आतिशबाजी के साथ बाबा भूतेश्वर महादेव का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बस स्टैंड पर राकेश रावत, हमीर आर्य एवं अर्जुन जाधव चिलारिया द्वारा जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा कर बाबा का स्वागत किया गया।

इसके बाद शिव डोला धवली रोड, मेन गली, रामदेव बाबा मंदिर, गांधी चौक, वल्लभ नगर एवं त्रिवेणी मंदिर होते हुए निकला। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाबा भूतेश्वर महादेव का स्वागत किया। इस दौरान बाबा ने अपनी प्रजा के बीच पहुंचकर उन्हें दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान किया।

एलईडी स्क्रीन पर हुआ सीधा प्रसारण, 11 क्विंटल अन्नकूट प्रसादी वितरित

शिव डोले का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम का आनंद लिया। आयोजन के दौरान 11 क्विंटल अन्नकूट प्रसादी का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर वरला, बलवाड़ी, दुगानी, धवली सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। जय श्री महांकाल ग्रुप बलवाड़ी के अध्यक्ष गणेश चौहान ने शिव डोले को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी भक्तों, कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों एवं प्रशासन का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!