बड़वानी में ऑनलाइन जनसुनवाई का नया प्रयोग, एसपी ने 5 मामलों में मौके पर तय की अधिकारियों की जवाबदेही
एसपी कार्यालय से जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी ऑनलाइन जुड़े, आवेदकों की शिकायतें संबंधित अधिकारियों को तत्काल सौंपी गईं।

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस ने आमजन की शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निराकरण के लिए साप्ताहिक जनसुनवाई को वर्चुअल स्वरूप दिया। ऑनलाइन माध्यम से जिले के पुलिस अधिकारी एक साथ जुड़े और पांच आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
साप्ताहिक जनसुनवाई को दिया वर्चुअल स्वरूप
आमजन को त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी न्याय दिलाने की दिशा में बड़वानी पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने ऑनलाइन जनसुनवाई की व्यवस्था शुरू की है। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई को वर्चुअल स्वरूप दिया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

आवेदकों की शिकायतें मौके पर ही अधिकारियों को सौंपीं
नई व्यवस्था के तहत पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय पहुंचे आवेदकों की शिकायतों को व्यक्तिगत रूप से सुना। इसके बाद ऑनलाइन जुड़े संबंधित थाना प्रभारी एवं एसडीओपी को प्रकरणों की जानकारी तत्काल दी गई। पुलिस अधीक्षक ने प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई करने और की गई कार्रवाई की जानकारी आवेदकों को समय पर देने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कुल पांच आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से आपसी लेन-देन, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट एवं महिला संबंधी मामले शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रकरणों को संवेदनशीलता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर जोर
जनसुनवाई के दौरान प्रत्येक शिकायत की जांच तय समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं संवेदनशील मामलों से जुड़ी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही पूर्व से लंबित मामलों की समीक्षा कर जांच अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
एसपी ने बताया जनसुनवाई का उद्देश्य
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा, “जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना है। बड़वानी पुलिस का यह प्रयास है कि हर पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से सुनकर बिना किसी देरी के निष्पक्ष एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।”
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा
जनसुनवाई के समापन के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा सीएम हेल्पलाइन (CM Helpline) की लंबित शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, डीएसपी (अजाक) श्रीमती निलेश्वरी डावर, रक्षित निरीक्षक श्री गजेंद्र निगवाल, शिकायत शाखा निरीक्षक श्रीमती सुनीता मंडलोई, महिला थाना प्रभारी श्रीमती सुनीता मुजाल्दा सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

