बड़वानी; 51 आवेदनों पर हुई सुनवाई; दिव्यांग पेंशन,बीपीएल में नाम जोड़ने जैसे प्रकरणों में मौके पर दिए निर्देश
जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश

बड़वानी; कलेक्टर कार्यालय बड़वानी में आयोजित साप्ताहिक जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ जांच कर पात्र नागरिकों को योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

मौके पर ही सुलझीं प्रमुख समस्याएंः-
1.दिव्यांग प्रमाणपत्र एवं पेंशनः- जनसुनवाई में छोटी कसरावद निवासी श्री सतीश पिता सीताराम ने आवेदन देकर विकलांगता पेंशन दिलवाने हेतु आवेदन दिया ।उन्होंने बताया कि उनके द्वारा विकलांगता प्रमाणपत्र बनवाये जाने हेतु कोशिश की गई किन्तु डॉक्टर द्वारा विकलांगता प्रमाणपत्र बना कर नहीं दिया जा रहा हैं। अतः उचित कार्यवाही कर
विकलांगता प्रमाणपत्र एवं पेंशन का लाभ दिया जाए। कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने उनकी समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना तथा तत्काल उप संचालक सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण विभाग को विकलांगता प्रमाणपत्र उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। विभाग द्वारा तत्काल मामले को संज्ञान लेते हुए मेडिकल बोर्ड से जांच उपरांत विकलांगता प्रमाणपत्र जारी किया गया।
2.बीपीएल सूची में नाम जोड़नाः- अंजड़ निवासी भूमिहीन कृषि मजदूर श्री आशीष पिता बसंतीलाल शर्मा का नाम मजदूरी के लिए बाहर रहने के कारण बीपीएल सूची में छूट गया था। कलेक्टर ने आवेदन स्वीकार कर लोक सेवा केंद्र के माध्यम से प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
3.एक अन्य प्रकरण में ग्राम बालकुँआ, घट्टयबैड़ी, लोनसरा खुर्द, रेहगुन, सजवानी और तलवाड़ा बुजुर्ग सहित आसपास के कई गाँवों के किसानों द्वारा कलेक्टर कार्यालय बड़वानी की जनसुनवाई में लोअरगाई परियोजना की नहर मायनर में अतिशीघ्र पानी छुड़वाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कार्यपालन यंत्री (ईई) लोअर गोई को तुरंत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विभिन्न विभागों के 51 आवेदन प्राप्त
जनसुनवाई के दौरान राजस्व,रास्ता विवाद और भूमि संबंधी मामलों सहित कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के निर्देशन में अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा एवं अन्य सभी विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुनकर संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण हेतु प्रेषित किया।

