अंजड़ में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, ताजियों की ऊंचाई और व्यवस्था पर दिए निर्देश
थाना परिसर अंजड़ में आयोजित बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात, बिजली, पानी और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा।

जनोदय पंच। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए थाना अंजड़ में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजियों के निर्माण, कानून-व्यवस्था, यातायात, बिजली, पानी, साफ-सफाई और शासन की गाइडलाइन के पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मोहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर हुई बैठक
अंजड़ (बड़वानी)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 9 जून 2026 को थाना परिसर अंजड़ में आगामी त्योहारों के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कस्बे के गणमान्य नागरिक, विभिन्न समाजों के प्रमुख, सदर, जनप्रतिनिधि, ताजियादार एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
गाइडलाइन, यातायात और सुविधाओं पर दिए गए निर्देश
बैठक में उपस्थित सभी ताजियादारों को शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ताजियों का निर्माण करने तथा उनकी ऊंचाई निर्धारित सीमा में रखने के निर्देश दिए गए। मोहर्रम पर्व एवं जुलूस के दौरान कस्बे की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और कानून-व्यवस्था मजबूत रखने पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही त्योहार के दौरान बिजली, पानी एवं साफ-सफाई जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजजन रहे मौजूद
बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक अंजड़ श्री रेवाराम चौहान, माननीय नायब तहसीलदार महोदय, अध्यक्ष नगर परिषद अंजड़ श्री मांगीलाल मुकाती, प्रभारी एमपीईबी श्री अवधेश नामदेव, प्रमुख सदर मुस्लिम समुदाय अंजड़ श्री इनायतुल्लाह तिगाले, सदर ग्राम बोरलाय श्री फकरुद्दीन खान सहित थाने का समस्त स्टाफ एवं नगर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में थाना प्रभारी द्वारा सभी से त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई, जिस पर उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।



