सेंधवा में भाजपा महिला मोर्चा का नारी शक्ति अधिनियम बिल को लेकर विरोध, कांग्रेस और विपक्षी दलों का पुतला फूंका
किला परिसर से किला गेट चौराहे तक रैली, नारेबाजी के बीच महिला कार्यकर्ताओं ने विपक्ष पर अधिकारों से खिलवाड़ का आरोप लगाया

सेंधवा में भाजपा महिला मोर्चा ने नारी शक्ति अधिनियम बिल को रोकने के विरोध में प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी की और किला गेट चौराहे पर पुतला फूंका।
शनिवार शाम करीब 6 बजे किला परिसर स्थित नपा अध्यक्ष कार्यालय पर महिला कार्यकर्ता एकत्रित हुईं। यहां से रैली निकाली गई, जो हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए किला गेट चौराहे तक पहुंची। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने “नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” के नारे लगाए और विपक्षी दलों पर महिलाओं के अधिकारों को प्रभावित करने का आरोप लगाया।
पुतला दहन
किला गेट चौराहे पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का पुतला जलाया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया और बिल के समर्थन में आवाज उठाई।
बिल महिलाओं को ताकत देने वाला
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अंजना पटेल ने कहा कि यह बिल महिलाओं को ताकत देने वाला है, लेकिन विपक्ष इसे रोककर उनके अधिकारों के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगा।
जिला अध्यक्ष लक्ष्मी शर्मा ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान के लिए काम कर रही है, जबकि विपक्षी दल केवल राजनीति करने में लगे हैं।
इस प्रदर्शन में मीडिया प्रभारी प्रिया पंवार सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। सभी ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया और नारी शक्ति अधिनियम बिल के समर्थन में अपनी बात रखी।



