बड़वाह। डिजिटल जनगणना अभियान का तीन दिवसीय प्रशिक्षण हुआ संपन्न…

कपिल वर्मा बड़वाह। मध्यप्रदेश में 1 मई से डिजिटल जनगणना अभियान शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर तृतीय चरण का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बड़वाह के शासकीय कॉलेज में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रशिक्षार्थियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से सर्वे करने और डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया सिखाई गई। ग्रामीण क्षेत्र प्रशिक्षण प्रभारी नवीन दुबे एवं शहरी क्षेत्र प्रशिक्षण प्रभारी अमजद खान ने बताया इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी।

कागज और पेन की जगह कर्मचारी मोबाइल एप के जरिए घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे और उसे सीधे सर्वर पर अपलोड करेंगे। मास्टर ट्रेनरों राजेश आटूदे, सतविंदर सिंह भाटिया,पंकज चौधरी, सौरभ शर्मा, ने कर्मचारियों को ऐप के संचालन और डेटा की सटीक एंट्री के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
तहसीलदार शिवराम कनासे और नायब तहसीलदार विजयपाल सिंह चौहान, निशा कनाश ने प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूरी गंभीरता और सावधानी से किया जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
प्रशिक्षण के दौरान समय समय पर खरगोन से भी प्राप्त निर्देशों को प्रशिक्षार्थियों तक विशेष निर्देशों को प्रसारित किया गया। प्रशिक्षक सतविंदर सिंह भाटिया ने बताया कि प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से कुल 33 सवाल पूछेंगे। इसमें मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया की जानकारी, खान-पान की आदतें तथा घर में उपलब्ध वाहनों जैसी जानकारियां शामिल होंगी।
साथ ही, जानकारी की गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाएगा, ताकि उनकी व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रहे। प्रशिक्षण में ग्रामीण क्षेत्र के 41 एवं शहरी क्षेत्र के 49 प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान सभी साथी फील्ड में पहुंचे और HLO एप के माध्यम से 33 प्रश्नों का डेमो भी किया। इस बार जनगणना में आम नागरिकों को ‘स्व-गणना’ की सुविधा भी दी गई है। इसके तहत नागरिक स्वयं पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
प्रशिक्षण के अंत में प्रति दिवस कर्मचारियों का एक लघु परीक्षण भी लिया गया। जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे डिजिटल सर्वे के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
प्रशिक्षण में कुशल सराफ, गौरीशंकर शर्मा, जगन्नाथ शारदे, रियाज खान, नाजिम खान, रामेश्वर कड़ोले, मिथिलेश ठाकुर, चंद्रकांत रावल, मुकेश गोटवाल, हरदीप अरोरा ,मोइन खान ने विशेष सहयोग प्रदान किया।



