खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

बड़वानी में 25-30 बाइकसवार युवकों द्वारा युवती को ले जाने का वीडियो सामने आया, बेजा प्रथा से जुड़े दावों की जांच शुरू

राजपुर तहसील के जलगोन गांव का बताया जा रहा मामला, पुलिस ने जांच टीम भेजी; आदिवासी विकास परिषद ने 24 घंटे में सच्चाई सार्वजनिक करने की मांग की।

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के राजपुर तहसील क्षेत्र से एक कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें 25-30 युवकों का समूह एक युवती को अपने साथ ले जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने जांच के लिए टीम गांव भेज दी है, जबकि आदिवासी विकास परिषद ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

राजपुर क्षेत्र से सामने आया कथित वीडियो

बड़वानी जिले के राजपुर तहसील क्षेत्र से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें 25-30 बाइकसवार युवकों का समूह एक युवती को उठाकर ले जाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 7 जुलाई की दोपहर का है। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

आदिवासी विकास परिषद ने जांच की मांग उठाई

मामले को लेकर मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद के जिला अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि राहुल सोलंकी ने कहा कि यदि वीडियो में दिखाई दे रही घटना सही है, तो यह कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पुलिस से 24 घंटे के भीतर पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सार्वजनिक करने की मांग की है।

जलगोन गांव पहुंची पुलिस टीम

राजपुर थाना प्रभारी माधव सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला जलगोन गांव का है। पहले वीडियो को मोयदा क्षेत्र का बताया जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान घटना जलगोन गांव की सामने आई है। पुलिस ने जांच के लिए टीम गांव भेज दी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

बेजा प्रथा से जुड़े दावों की भी हो रही जांच

वीडियो में बातचीत कर रहे दो लोग दावा करते सुनाई दे रहे हैं कि युवती का बेजा, जो स्थानीय परंपरा से जुड़ा बताया जा रहा है, पहले ही हो चुका था। उनके अनुसार, युवती के परिजनों ने राशि लेने के बावजूद उसे नहीं भेजा, जिसके बाद पैसा देने वाले पक्ष के लोग युवती को जबरन अपने साथ ले गए। पुलिस फिलहाल इन दावों की भी जांच कर रही है और पूरे मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!