इंदौरमुख्य खबरे

इंदौर में कांग्रेस का प्रदर्शन, बाइक की शवयात्रा निकालकर महंगाई पर जताया विरोध

24 ब्लॉकों में एक साथ प्रदर्शन, शकर के बढ़े दाम और पेट्रोल-डीजल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण के खिलाफ उठाई आवाज

इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर इंदौर शहर में बढ़ती महंगाई, शकर के बढ़े दाम और पेट्रोल-डीजल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। शहर के सभी 24 ब्लॉकों में एक साथ हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथ ठेले पर बाइक की शवयात्रा निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

चिंटू चौकसे के नेतृत्व में प्रदर्शन

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में सभी 24 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदर्शन किया। चिंटू चौकसे सुखलिया क्षेत्र के मंगल नगर में आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

महंगाई और शकर के दाम पर निशाना

मीडिया से चर्चा करते हुए चिंटू चौकसे ने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी और अन्याय चरम सीमा पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा, “रक्षाबंधन जैसे मिठास और पवित्र पर्व के मौके पर शक्कर के दाम बढ़ाकर सरकार ने बहनों और आम जनता पर बोझ डाल दिया है।” उन्होंने मंत्रियों के बयानों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

इथेनॉल मिश्रण पर जताया ऐतराज

कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल अनिवार्य किए जाने पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस निर्णय से आम लोगों की गाड़ियां खराब हो रही हैं और उनके इंजन सीज हो रहे हैं। नेताओं ने सरकार पर चुनिंदा उद्योगपतियों और मंत्रियों के करीबियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया।

अन्य मुद्दों पर भी सरकार को घेरा

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदर्शन जनता को जगाने तथा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए किया जा रहा है। दिल्ली में जैन मुनियों पर हुए लाठीचार्ज, राम मंदिर के चढ़ावे में हेरफेर और देश में बढ़ते भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को निशाने पर लिया गया।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!