खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

सेंधवा क्षेत्र के ग्राम कोलकी के मंशाराम सोलंकी हिंदी साहित्य में सहायक प्राध्यापक बने, प्रदेश में हासिल की 42वीं रैंक

आर्थिक अभाव और पारिवारिक संघर्ष के बीच मिली सफलता, छोटे भाई के सहयोग से पूरा हुआ उच्च शिक्षा का सपना

जनोदय पंच। बड़वानी जिले की वरला तहसील के ग्राम कोलकी निवासी मंशाराम सोलंकी का मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग में सहायक प्राध्यापक (हिंदी साहित्य) पद पर चयन हुआ है। वर्ष 2026 की भर्ती परीक्षा में उन्होंने प्रदेश में 42वीं रैंक प्राप्त कर परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया।

सेंधवा क्षेत्र के ग्राम कोलकी, तहसील वरला, जिला बड़वानी निवासी मंशाराम सोलंकी, पिता भूलिया सोलंकी का मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग में सहायक प्राध्यापक (हिंदी साहित्य) पद पर चयन हुआ है। कठिन संघर्ष, अथक परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। वर्ष 2025 में उन्होंने यूजीसी-नेट जेआरएफ उत्तीर्ण किया था। इसके बाद वर्ष 2026 की सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा में पूरे मध्यप्रदेश में 42वीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया।

आर्थिक चुनौतियों के बीच नहीं छोड़ा लक्ष्य

मंशाराम सोलंकी का जीवन आर्थिक अभावों के बीच निरंतर प्रयास का उदाहरण रहा है। उनके पिता भूलिया सोलंकी और माता रेंगा बाई मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को प्राथमिकता दी। मंशाराम सोलंकी ने भी परिस्थितियों के आगे समझौता किए बिना अपने लक्ष्य की ओर लगातार प्रयास जारी रखा और उच्च शिक्षा विभाग में चयनित होकर अपनी मेहनत को सफलता में बदला।

छोटे भाई के त्याग ने बढ़ाया हौसला

मंशाराम सोलंकी की सफलता में उनके छोटे भाई सुनील सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सुनील सोलंकी ने अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दी और महाराष्ट्र में मजदूरी करना शुरू किया। वहां से वे नियमित रूप से इंदौर में पढ़ाई कर रहे अपने बड़े भाई की आर्थिक सहायता करते रहे। परिवार के सहयोग और छोटे भाई के त्याग ने मंशाराम सोलंकी को अपनी पढ़ाई जारी रखने और लक्ष्य तक पहुंचने में महत्वपूर्ण संबल प्रदान किया।

परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल

सहायक प्राध्यापक (हिंदी साहित्य) पद पर चयन की जानकारी मिलने के बाद परिवार, समाज और पूरे क्षेत्र में खुशी का वातावरण है। शुभचिंतकों, मित्रों और परिजनों ने मंशाराम सोलंकी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनसे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए उनके चयन पर प्रसन्नता जताई।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!