खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

सेंधवा की कृष्णा चौहान ने एमपीपीएससी माइनिंग इंस्पेक्टर भर्ती में ओवरऑल 9वीं और महिला वर्ग में प्रथम रैंक हासिल की

भूविज्ञान की छात्रा ने लगातार प्रयासों के बाद चयन हासिल किया, सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया

जनोदय पंच। सेंधवा निवासी कृष्णा चौहान का मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की माइनिंग इंस्पेक्टर भर्ती-2025 के अंतिम चयन परिणाम में चयन हुआ है। उन्होंने ओवरऑल 9वीं रैंक और महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर परिवार, गुरुजनों और निमाड़ क्षेत्र का नाम रोशन किया।

सेंधवा निवासी पंचायत सचिव राजेश चौहान एवं अर्चना चौहान की पुत्री कृष्णा चौहान ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा आयोजित माइनिंग इंस्पेक्टर भर्ती-2025 के अंतिम चयन परिणाम में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उन्होंने ओवरऑल 9वीं रैंक तथा महिला वर्ग में प्रथम रैंक हासिल की। इस उपलब्धि के साथ कृष्णा चौहान ने अपने परिवार, गुरुजनों और पूरे निमाड़ क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। चयन परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा उन्हें विभिन्न वर्गों से शुभकामनाएं मिल रही हैं।

सेंधवा से इंदौर तक पूरी की शैक्षणिक यात्रा

कृष्णा चौहान की प्रारंभिक शिक्षा सेंधवा में हुई। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2020 में शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय, इंदौर से बी.एससी. (भूविज्ञान) तथा वर्ष 2022 में इसी महाविद्यालय से एम.एससी. (भूविज्ञान) की उपाधि प्राप्त की। वर्ष 2022 में उन्होंने एम.एससी. में टॉपर रहते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उच्च शिक्षा के दौरान उन्होंने भूविज्ञान विषय में लगातार अध्ययन करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी जारी रखी।

लगातार प्रयासों के बाद मिली सफलता

एम.एससी. पूर्ण करने के बाद वर्ष 2022 से कृष्णा चौहान ने एमपीपीएससी की तैयारी शुरू की। इस दौरान उन्होंने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2022 एवं 2023 में भाग लिया। माइनिंग इंस्पेक्टर-2023 भर्ती में वे साक्षात्कार तक पहुंचीं तथा माइनिंग ऑफिसर-2024 भर्ती के साक्षात्कार में भी शामिल हुईं। उन्होंने एमपी सेट भी उत्तीर्ण किया। वर्तमान में वे एमपीपीएससी राज्य सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। लगातार संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने माइनिंग इंस्पेक्टर भर्ती-2025 में ओवरऑल 9वीं रैंक और महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

सफलता का श्रेय परिवार और गुरुजनों को दिया

कृष्णा चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता पंचायत सचिव राजेश चौहान, माता अर्चना चौहान, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और स्वयं पर विश्वास सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को लगातार प्रयास करते रहने का संदेश दिया। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, मित्रों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!