सेंधवामुख्य खबरे

आगजनी में पेंटर का मकान जलकर राख, परिवार के सामने खड़ा हुआ आर्थिक संकट नपा अध्यक्ष सहित भाजपा नेताओं ने मौके पर पहुंचकर दी आर्थिक सहायता

सेंधवा। प्रतापगंज क्षेत्र में मंगल भवन के पास मंगलवार को एक किराए के मकान में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मकान में रखा पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय मकान मालिक सतीश चौहान पेंटिंग के काम से बाहर गए हुए थे, जबकि उनका करीब 10 वर्षीय बेटा घर में अकेला था। आग की घटना में परिवार को एक लाख रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पेंटर का कार्य करने वाले सतीश चौहान प्रतापगंज मंगल भवन के पास किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार को वे पेंटिंग के काम के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर से अचानक धुआं निकलता देखकर उनके करीब 10 वर्षीय बेटे ने घबराकर आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया और घर के अंदर रखा सामान इसकी चपेट में आ गया।

आसपास के लोगों द्वारा घटना की सूचना नगर पालिका को दी गई। बताया गया कि जिस समय नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके के लिए रवाना हुई, उस समय रास्ते में जुलूस एवं सड़क पर जाम होने के कारण वाहन को पहुंचने में देरी हुई। जब तक फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंची, तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन परिवार का घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।

सतीश चौहान ने बताया कि आग में घर का फ्रिज, राशन, पहनने के कपड़े, बच्चों की पढ़ाई की किताबें सहित अन्य घरेलू सामान जल गया। उन्होंने बताया कि करीब 10 दिन पहले ही बच्चे की जिद पर नया टीवी खरीदकर लाए थे, वह टीवी भी आग की भेंट चढ़ गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। चौहान के अनुसार आगजनी में करीब एक लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।

नेताओं ने मौके पर पहुंचकर दी सहायता
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, भाजपा जिला महामंत्री विकास आर्य, भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, गणेश राठौड़, विवेक छाबड़ा, सचिन शर्मा एवं निलेश यादव सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आगजनी से हुए नुकसान का निरीक्षण किया तथा पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव एवं भाजपा जिला महामंत्री विकास आर्य ने पीड़ित परिवार को अपनी ओर से आर्थिक सहायता भी प्रदान की। वहीं आर्य ने तहसीलदार से फोन पर चर्चा कर मौके पर पटवारी भेजकर आगजनी से हुए नुकसान का पंचनामा तैयार कराने एवं नियमानुसार शासकीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया करने की मांग की । तहसीलदार ने पटवारी को भेज कर आगजनी का पंचनामा बनवाकर नुकसानी का आकलन किया जा रहा है ।

फायर ब्रिगेड की देरी पर जताई नाराजगी
इस दौरान सतीश चौहान ने नेताओं को बताया कि आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। उन्होंने कहा कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो संभवतः घर का कुछ सामान बचाया जा सकता था। देरी के कारण पूरा सामान जलकर राख हो गया।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव पुराने नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं और वहां फायर ब्रिगेड चालकों से नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने तथा सूचना मिलते ही बिना अनावश्यक देरी के घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। यादव ने कहा कि आगजनी जैसी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की त्वरित पहुंच बेहद आवश्यक है, ताकि समय रहते जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।
आगजनी की इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने घर का जरूरी सामान जुटाने और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की चुनौती खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों ने भी परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!