सोनकच्छ के पास स्कॉर्पियो पलटने से भाजपा प्रवक्ता अग्रवाल की पत्नी सहित दो की मौत, 10 घायल
इंदौर से भोपाल जा रहा परिवार हादसे का शिकार, घायलों का उपचार जारी

देवास/सेंधवा। देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र के पास एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बुआ-भतीजे की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। सभी लोग इंदौर से भोपाल की ओर जा रहे थे।
दुर्घटना में मयूरेश गर्ग (38) पिता संतोष गर्ग तथा संगीता अग्रवाल (51) पत्नी सुनील अग्रवाल सेंधवा की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों में सुनील अग्रवाल (62) सेंधवा, शर्मिला गर्ग (36) पत्नी स्वप्नील गर्ग, कनव गर्ग (10) पिता स्वप्नील गर्ग, सुरभि अग्रवाल (28) पत्नी मयूरेश गर्ग, डेढ़ वर्षीय बेबी सुरभि, पलक अग्रवाल (26) पिता सुनील अग्रवाल सेंधवा, रिमी अग्रवाल (30) पत्नी प्रखर अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल (32) पिता सुनील अग्रवाल सेंधवा, स्वप्नील गर्ग (37) पिता संतोष गर्ग तथा दो वर्षीय दूर्विक गर्ग शामिल हैं।
हादसे में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मयूरेश गर्ग और संगीता अग्रवाल को उपचार के लिए सोनकच्छ सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना में घायल अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के बाद उन्नत चिकित्सा सुविधा के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस और एम्बुलेंस दल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं सहायता कार्य प्रारंभ किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।



