इंदौर में फेसबुक की दोस्ती डॉक्टर को पड़ी भारी, सीरिया की डॉक्टर बनकर महिला ने 6.11 लाख रुपये ठगे
आजाद नगर थाना क्षेत्र का मामला, दिल्ली पहुंचने और कस्टम में सामान जब्त होने की बात कहकर अलग-अलग किस्तों में रकम ली

जनोदय पंच। इंदौर में फेसबुक के जरिए हुई पहचान के बाद साइबर ठगी का मामला सामने आया है। महिला ने विदेश में डॉक्टर होने और भारत आकर बसने की बात कहकर भरोसा बनाया। बाद में कस्टम में सामान जब्त होने का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर कराई।
फेसबुक पर शुरू हुई बातचीत
इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, नगर निवासी डॉक्टर अयाज अहमद ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। डॉक्टर की फेसबुक के माध्यम से एक महिला से बातचीत शुरू हुई थी। महिला ने अपना नाम आयशा खान बताया और खुद को सीरिया में रहने वाली डॉक्टर बताया।
सीरिया के हालात बताकर भारत आने की कही बात
लगातार बातचीत के दौरान महिला ने डॉक्टर को बताया कि सीरिया में युद्ध जैसे हालात हैं और वह भारत आकर शिफ्ट होना चाहती है। कुछ समय बाद महिला ने फोन कर बताया कि वह दिल्ली पहुंच गई है। इसके बाद उसने मेडिकल साइंस से जुड़ी सामग्री और अन्य सामान कस्टम विभाग द्वारा जब्त किए जाने की बात कही।
सामान छुड़ाने के नाम पर मांगे पैसे
महिला ने डॉक्टर से कहा कि कस्टम से सामान छुड़ाने के लिए उसे पैसों की जरूरत है। महिला की बातों पर भरोसा कर डॉक्टर अयाज अहमद ने अलग-अलग किस्तों में करीब 6 लाख 11 हजार रुपये उसके बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद महिला लगातार और पैसों की मांग करने लगी। बार-बार रकम मांगने पर डॉक्टर को संदेह हुआ और उन्हें अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ।
स्टेट साइबर सेल में शिकायत, महिला को किया ब्लॉक
ठगी का एहसास होने के बाद डॉक्टर अयाज अहमद ने महिला को ब्लॉक कर दिया और स्टेट साइबर सेल में शिकायत की। इसके बाद मामला आजाद नगर थाना पुलिस तक पहुंचा।
ऑनलाइन संपर्क और लेनदेन की जांच
आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए ऑनलाइन संपर्क, मोबाइल नंबर और पैसों के लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, डॉक्टर और महिला की कभी व्यक्तिगत मुलाकात नहीं हुई थी।



