बड़वानी भगवा पताकाओं और झंडों से सज रहा बड़वानी 31 अगस्त को निकलेगा भव्य शिव डोला
राजाधिराज श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव करेंगे नगर भ्रमण, 7 क्विंटल पारंपरिक आलू की प्रसादी तैयार, नासिक के ढोल-ताशे, दिल्ली की शिव अघोरी बारात और आदिवासी लोकनृत्य रहेंगे आकर्षण का केंद्र

बड़वानी। श्रावण मास की समाप्ति के अवसर पर बड़वानी में प्रतिवर्ष निकलने वाले ऐतिहासिक एवं धार्मिक श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव शिव डोले की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। इस वर्ष 31 अगस्त 2026, सोमवार को दोपहर 2 बजे बावनगजा रोड स्थित श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव मंदिर से भगवान का भव्य शिव डोला नगर भ्रमण पर निकलेगा। राजाधिराज भगवान श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव आकर्षक एवं भव्य पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे।शिव डोला उत्सव को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों को भगवा पताकाओं एवं झंडों से सजाया जा रहा है। मंदिर परिसर सहित डोला मार्ग पर भी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। श्रीरामकुल्लेश्वर शिव डोला उत्सव समिति द्वारा आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
शिव डोले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी पारंपरिक प्रसादी तैयार की जा रही है। समिति के अनुसार करीब सात क्विंटल आलू की विशेष मिठाई प्रसादी के रूप में वितरित की जाएगी। इसके लिए करीब ढाई क्विंटल आलू, साढ़े चार क्विंटल शकर, 50 किलो खोपरा, आधा किलो इलायची और एक किलो जायफल का उपयोग किया जा रहा है। डोले से पहले ही प्रसादी तैयार कर ली जाएगी, ताकि नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण व्यवस्थित रूप से किया जा सके।

इन मार्गों से गुजरेगा शिव डोले का कारवां
भगवान श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव का शिव डोला 31 अगस्त को दोपहर 2 बजे बावनगजा रोड स्थित मंदिर परिसर से प्रारंभ होगा। यहां से डोला रानीपुरा हनुमान मंदिर, योगमाया मंदिर, लक्ष्मी गेस्ट हाउस, झंडा चौक, रणजीत चौक, एमजी रोड, मोटीमाता चौक, बाबा रामदेव मंदिर, मां कालिका माता मंदिर, चंचल चौराहा, जैन मंदिर चौराहा एवं फिटवेल चौराहा रानीपुरा होते हुए पुनः श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव मंदिर परिसर पहुंचेगा, जहां शिव डोले का समापन होगा।

भव्य झांकियां और धार्मिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण
शिव डोले में इस बार कई आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। समिति के अनुसार डोले में शामिल होने वाली झांकियां तैयार हो चुकी हैं। इनमें भोले बाबा की दिव्य पालकी, नासिक महाराष्ट्र का ढोल-ताशा पथक ग्रुप, प्रसिद्ध बैंड ग्रुप, करौली धार का देशी ढोल ग्रुप, दिल्ली की प्रसिद्ध शिव अघोरी बारात, बजरंग व्यायामशाला अखाड़ा बड़वानी सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।
इसके साथ ही धनगर समाज भजन प्रस्तुति, गुरुकृपा म्यूजिक ग्रुप, विकास यादव धनगर मित्र मंडल, गुजरात का प्रसिद्ध आदिवासी लोक नृत्य कयाट, बड़वानी की कृष्ण-सुदामा एवं राधाकृष्ण रास प्रस्तुति, प्रसिद्ध वरद विनायक तथा भावेश डांस ग्रुप भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इन झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शिव डोले का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है।
महाआरती में शामिल होंगे जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी
शिव डोला नगर भ्रमण के बाद मंदिर परिसर में पहुंचने पर धार्मिक आयोजन एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। समिति के अनुसार जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी महाआरती में शामिल होंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिकों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
पुलिस-प्रशासन की रहेगी चाक-चौबंद व्यवस्था
शिव डोले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। डोला मार्ग के प्रमुख स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की जाएगी। जिन मार्गों से शिव डोला गुजरेगा, वहां आवश्यकतानुसार वाहनों का आवागमन नियंत्रित किया जाएगा। डोला मार्ग से जुड़ी गलियों में भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।यातायात पुलिस द्वारा पाटी रोड, रेवा कॉलोनी, साकेत कॉलोनी और तिरछी पुलिया सहित प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
नगर पालिका और बिजली विभाग ने भी संभाली व्यवस्थाएं
आयोजन को लेकर नगर पालिका द्वारा प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, चूने की लाइन, सड़कों के गड्ढों का पैचवर्क, डोला प्रांगण में मुरूम फिलिंग, पानी के टैंकर, कचरा वाहन एवं सफाईकर्मियों की व्यवस्था की जाएगी। डोला मार्ग से मवेशियों और निर्माण सामग्री को हटाने की व्यवस्था भी की जा रही है।वहीं एमपीईबी द्वारा विद्युत तारों की ऊंचाई की जांच और आवश्यक स्थानों पर पेड़ों की छंटाई की जा रही है, ताकि शिव डोले के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी निर्धारित स्थानों पर एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा।
श्री साई बाबा जीवन धारा हॉस्पिटल लगाएगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार श्री साई बाबा जीवन धारा हॉस्पिटल द्वारा शिव डोले के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य एवं आपातकालीन स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।फूलीबाई धर्मशाला, आई माता मंदिर, रणजीत चौक, झंडा चौक, एमजी रोड, कालिका माता मंदिर और चंचल चौराहा सहित करीब 8 से 10 स्थानों पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल टीम एवं एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी।
धर्मप्रेमी जनता से शामिल होने की अपील
श्रीरामकुल्लेश्वर शिव डोला उत्सव समिति ने बड़वानी सहित जिलेभर के धर्मप्रेमी नागरिकों से शिव डोले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव के दर्शन एवं धर्मलाभ लेने की अपील की है।
नासिक के ढोल-ताशे और दिल्ली की शिव अघोरी बारात रहेगी आकर्षण का केंद्र
नगर के आराध्य देव भगवान श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव का भव्य शिव डोला 31 अगस्त 2026, सोमवार को दोपहर 2 बजे श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव मंदिर, बावनगजा रोड से नगर भ्रमण के लिए निकलेगा। श्रीरामकुल्लेश्वर शिव डोला उत्सव समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। शिव डोले में भगवान भोलेनाथ की दिव्य पालकी के साथ विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।शिव डोले में नासिक का प्रसिद्ध ढोल-ताशा पथक ग्रुप अपनी प्रस्तुति देगा। इसके साथ प्रसिद्ध बैंड ग्रुप, करौली धार का देशी ढोल ग्रुप और दिल्ली की प्रसिद्ध शिव अघोरी बारात भी शामिल होगी। बड़वानी की बजरंग व्यायामशाला अखाड़ा समिति के कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।आयोजन में धनगर समाज की भजन प्रस्तुति, गुरुकृपा म्यूजिक ग्रुप की प्रस्तुति, गुजरात का आदिवासी लोक नृत्य कयाट, कृष्ण-सुदामा एवं राधाकृष्ण रास प्रस्तुति, प्रसिद्ध वरद विनायक और भावेश डांस ग्रुप सहित कई आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। इसके अलावा धार्मिक एवं सामाजिक संदेशों पर आधारित विभिन्न झांकियां भी शिव डोले की शोभा बढ़ाएंगी।शिव डोला उत्सव समिति द्वारा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव के दर्शन और भव्य आयोजन का लाभ लेने का आह्वान किया गया है। आयोजन के दौरान शहर में भक्ति और धार्मिक उत्सव का माहौल देखने को मिलेगा।



