अपराधइंदौरमुख्य खबरे

इंदौर में चौकीदार की मौत को पुलिस ने माना हत्या, टाउनशिप विवाद के बाद आरोपी ने दो बार कार चढ़ाई

लसूड़िया की लॉ-एक्जोटिका टाउनशिप में वारदात, मुख्य आरोपी राजा उर्फ कमल कुमावत और सेजल उर्फ शालिनी गिरफ्तार

जनोदय पंच। इंदौर की लॉ-एक्जोटिका टाउनशिप में चौकीदार की कार से कुचलकर हुई मौत का मामला जांच में हत्या निकला। टाउनशिप में प्रवेश को लेकर विवाद के बाद आरोपी दोबारा कार लेकर लौटा और तीन लोगों को टक्कर मारी। घटना में चौकीदार की मौत हो गई।

शुरुआत में सड़क हादसा लगी थी घटना

लसूड़िया थाना क्षेत्र की बायपास स्थित लॉ-एक्जोटिका टाउनशिप में 35 वर्षीय धर्मेंद्र मालवीय चौकीदार के रूप में तैनात था और परिवार के साथ वहीं रहता था। कार से कुचलकर हुई उसकी मौत का मामला शुरुआती तौर पर सड़क हादसा नजर आया था। जांच और सामने आए साक्ष्यों के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला माना।

टाउनशिप में प्रवेश को लेकर हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राजा उर्फ कमल कुमावत अपनी प्रेमिका सेजल उर्फ शालिनी के साथ कार से देर रात टाउनशिप पहुंचा था। अंदर जाने को लेकर धर्मेंद्र ने उसे रोककर पूछताछ की। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। धर्मेंद्र की पत्नी ज्योति और उसका रिश्तेदार गोविंद भी मौके पर पहुंच गए।

विवाद के दौरान कमल द्वारा धर्मेंद्र के साथ मारपीट और थप्पड़ मारने की बात सामने आई है। इसके बाद आरोपी ने टाउनशिप के कॉलोनाइजर विवेक उर्फ बिन्नी चुग का परिचित होने का दावा किया और फोन पर बातचीत कराई। सुपरवाइजर पवन परमार से भी उसकी बात हुई।

विवाद के बाद कार लेकर चला गया आरोपी

विवाद बढ़ने पर कमल कार लेकर वहां से चला गया। पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद वह दोबारा तेज रफ्तार कार लेकर टाउनशिप में लौटा। उसने धर्मेंद्र, उसकी पत्नी ज्योति और गोविंद को कार से टक्कर मार दी। टक्कर से ज्योति और गोविंद घायल हो गए।

धर्मेंद्र पर दो बार कार चढ़ाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद आरोपी ने कार वापस मोड़ी और धर्मेंद्र के ऊपर दो बार कार चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी प्रेमिका सेजल को लेकर उज्जैन भाग गया और दोनों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए।

राजा और सेजल गिरफ्तार, कार जब्त

पुलिस की जांच और दबिश के बाद राजा उर्फ कमल कुमावत और उसकी प्रेमिका सेजल उर्फ शालिनी शुक्रवार रात पुलिस की गिरफ्त में आ गए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!