सेंधवा में शांति समिति की बैठक, त्योहारों में नियम तोड़ने वालों पर रहेगी नजर
शिव डोला, श्री कृष्ण जन्माष्टमी और गोगा नवमी को लेकर शांति समिति की बैठक; जुलूस मार्गों की सफाई, बिजली व्यवस्था और अफवाहों पर रोक के दिए निर्देश

सेंधवा। पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में आगामी त्योहारों—शिव डोला, श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं गोगा नवमी सहित अन्य सांस्कृतिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण तथा सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज थाना सेंधवा शहर परिसर में शांति समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई।
अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आयोजन समितियों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में तहसीलदार श्री हितेन्द्र भवसार, थाना प्रभारी श्री दिनेश सिंह कुशवाह, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री मोहन जोशी तथा म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की।

जुलूस और धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के परिपालन में जुलूस एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित समय-सीमा और तय मापदंडों के भीतर ही करना अनिवार्य होगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों (डीजे ट्रॉलियों/वाहनों) के ऊपर चढ़ना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त, आयोजकों को निर्देशित किया गया कि वे आयोजन से पूर्व बजने वाले गानों की पेन ड्राइव थाने में जमा कराएं।

सड़क, सफाई और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
नगर पालिका प्रशासन को जुलूस एवं शिव डोला के मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं, म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर लटकते बिजली के तारों को व्यवस्थित करने तथा झांकी व डोले के आवागमन के दौरान निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
अफवाहों से बचने और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजनों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाह पर ध्यान न दें। त्योहारों को आपसी भाईचारे, सद्भाव और परंपरा के अनुसार मनाएं।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं आयोजन समितियों ने बड़वानी पुलिस एवं प्रशासन को आगामी सभी पर्वों को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।



