भोपाल में कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को पुलिस ने धरना स्थल से हटाया, सीबीआई जांच और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रसूता और नवजात की मौत के मामले में मंत्रालय के सामने धरने पर बैठे थे रीवा के सेमरिया विधायक

जनोदय पंच। भोपाल में प्रसूता और नवजात की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक को पुलिस ने धरना स्थल से हटा दिया। विधायक स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग भी कर रहे थे। पुलिस ने अनुमति नहीं होने का हवाला देकर कार्रवाई की।
सीबीआई जांच और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग
रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा बुधवार को भोपाल में मंत्रालय के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे। वह संजय गांधी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध गांधी स्मारक अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। विधायक इस मामले में उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग भी कर रहे थे।
मांगों पर अड़े रहे विधायक, पुलिस ने हटाया
पुलिस ने विधायक अभय मिश्रा को धरना समाप्त करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस उन्हें धरना स्थल से उठाकर ले गई। बाद में उन्हें पीएसओ के साथ उनके घर भेज दिया गया।
इस घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी विधायक अभय मिश्रा को धरना स्थल से उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
विधायक अभय मिश्रा को पुलिस द्वारा धरना स्थल से हटाए जाने की खबर फैलने के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई। समर्थकों का आरोप है कि विधायक शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। ऐसे में उन्हें जबरन हटाना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। समर्थकों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
पुलिस ने अनुमति नहीं होने की बात कही
पुलिस के मुताबिक मंत्रालय के सामने धरना देने की अनुमति नहीं ली गई थी। इसी वजह से विधायक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें धरना स्थल से हटाया गया। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया।
एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा ने बताया कि विधायक की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही उन्हें हिरासत में लिया गया है। उन्हें पीएसओ के साथ घर भेजा गया है।


