सेंधवा: बिहार चुनाव में एनडीए की जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
भाजपा समर्थक पूरे दिन नपा जनसंपर्क कार्यालय पर जुटे, आतिशबाजी और नारों के साथ जीत का स्वागत किया गया।

सेंधवा: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड बहुमत से जीत और भाजपा के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने के बाद सेंधवा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और आतिशबाजी कर उत्साह प्रकट किया। सुबह से ही कार्यकर्ता नपा अध्यक्ष जनसंपर्क कार्यालय पर जुटने लगे थे। जैसे ही परिणामों में एनडीए की बढ़त स्पष्ट हुई, कार्यकर्ताओं में उल्लास का माहौल बन गया।
जोशी ने कराई मिठाई वितरण, गूंजे नारे
चुनाव परिणाम आते ही नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी, ने मिठाई मंगवाकर कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया। कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद और “मोदी है तो सब मुमकिन है” के नारे लगाकर अपनी खुशी व्यक्त की। नपा उपाध्यक्ष जोशी, ने कहा कि बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत से यह स्पष्ट है कि देश में आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विश्वास और आस्था बनी हुई है। लोगों ने जंगल राज को नकारते हुए विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी है।
नेताओं ने जीत को बताया विश्वास और विकास की जीत
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, ने बताया कि सुबह से ही कार्यकर्ता परिणामों को लेकर उत्साहित थे और जैसे-जैसे एनडीए की बढ़त बढ़ी, वैसे-वैसे जश्न तेज होता गया। भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष एस वीरा स्वामी, ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, विकास की राजनीति और जनता के भरोसे की जीत है। इसे सुशासन और स्थिर सरकार में जनता की आस्था करार दिया।

कार्यकर्ताओं में उत्साह, कई स्थानों पर उत्सव
एनडीए की जीत के बाद पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया गया। सेंधवा में भी कार्यकर्ताओं ने विजय उत्सव मनाया। इस अवसर पर पूर्व नपा अध्यक्ष अरुण चौधरी, बंटी जमरे, प्रकाश निकुम, सचिन शर्मा, विवेक तिवारी, बबलू चौधरी, सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



