सेंधवा: मतदान के महत्व पर शपथ, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताएं संपन्न
वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में लोकतांत्रिक चेतना का आयोजन

जनोदय पंच। सेंधवा। वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेंधवा में प्राचार्य डॉ. जी. एस. वास्कले के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम प्रभारी प्रो. बी. एस. जमरे एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में समस्त महाविद्यालयीन स्टॉफ, एनएसएस स्वयंसेवक एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए मतदाता जागरूकता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम प्रातः 11 बजे मतदाताओं द्वारा ली जाने वाली शपथ दिलाई गई। समस्त स्टॉफ, एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों द्वारा शपथ का वाचन किया गया। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम प्रभारी प्रो. बी. एस. जमरे ने बताया कि लोकतंत्र को खुशहाल और जीवंत बनाने तथा बनाए रखने में मताधिकार का अत्यंत महत्व है। इस अवसर पर “हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे” शपथ को ध्यान में रखा गया।

निबंध व पेंटिंग प्रतियोगिताओं के परिणाम
इसके पश्चात निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। निबंध प्रतियोगिता का विषय “मेरा भारत, मेरा वोट” रखा गया था। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र आशिराम जाधव, द्वितीय स्थान एम.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा कुमारी कविता अहिरे एवं तृतीय स्थान उमेश डावर ने प्राप्त किया। अंत में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रथम स्थान कु. रोशनी आर्य, द्वितीय स्थान रोशनी नरगावे एवं तृतीय स्थान चांदनी ने प्राप्त किया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. जी. एस. वास्कले सहित समस्त महाविद्यालयीन स्टॉफ, एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित थे। उक्त जानकारी एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी द्वारा प्रदान की गई।



