सेंधवा; ऑपरेशन हवालात का असर, दो मामलों में वांछित स्थाई वारंटी पुलिस के शिकंजे में
ऑपरेशन हवालात के तहत सेंधवा शहर पुलिस ने दो प्रकरणों में वांछित वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन हवालात के तहत सेंधवा शहर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में वांछित एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को बड़वानी के चुना भट्टी क्षेत्र से पकड़कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
ऑपरेशन हवालात के तहत बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन हवालात के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सेंधवा शहर निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस को सफलता मिली। थाना सेंधवा शहर पुलिस ने दो गंभीर प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे स्थाई वारंटी समीर पिता सैफुद्दीन मंसूरी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ईरानी कॉलोनी सेंधवा, हाल मुकाम चुना भट्टी वार्ड क्रमांक 24 बड़वानी को गिरफ्तार किया।
दो मामलों में जारी थे वारंट
दिनांक 16 जून 2026 को विशेष अभियान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 248/20, धारा 25(1-A) आर्म्स एक्ट के मामले में स्थाई वारंट जारी था। वहीं अपराध क्रमांक 593/22, धारा 294, 323, 354 एवं 354A भादवि के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
घेराबंदी कर दबोचा, न्यायालय में किया पेश
थाना सेंधवा शहर की विशेष टीम ने मुखबिर सूचना और सटीक रणनीति के आधार पर चुना भट्टी वार्ड क्रमांक 24 बड़वानी में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने बताया कि फरार वारंटियों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में उप निरीक्षक संतोष पाटीदार, सहायक उप निरीक्षक कैलाश चौहान तथा आरक्षक 69 रेवाराम अछाले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



