बड़वानी के अंजड़ में लावारिस XUV कार से अवैध शराब बरामद
बड़वानी के अंजड़ में क्षतिग्रस्त XUV बनी अवैध शराब का ठिकाना, पुलिस ने की बड़ी जब्ती कार्रवाई

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने ग्राम तलवाड़ा डेब से एक क्षतिग्रस्त और लावारिस XUV कार से 606.9 बल्क लीटर अवैध शराब और बीयर जब्त की है। कार्रवाई में वाहन सहित कुल 12.50 लाख रुपये से अधिक का मशरूका बरामद किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर अवैध गतिविधियों, मादक पदार्थों के परिवहन तथा जुआ-सट्टे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं डीएसपी (म.सु.) महेश सुनैया के मार्गदर्शन में अंजड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक रेवाराम चौहान ने बताया कि 15 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तलवाड़ा डेब के बैडीपुरा में एक ग्रे रंग की महिन्द्रा XUV कार दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में खड़ी है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जहां वाहन के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला।

606.9 बल्क लीटर शराब और वाहन जब्त
पुलिस द्वारा कार क्रमांक MP 09 QE 0005 की तलाशी लेने पर 26 पेटी एवं 105 क्वार्टर खुले गोवा व्हिस्की, कुल 252.9 बल्क लीटर कीमत 1 लाख 64 हजार 385 रुपये तथा 29 पेटी और 12 खुले केन लेमाउण्ट स्ट्रांग बीयर, कुल 354 बल्क लीटर कीमत 85 हजार 668 रुपये बरामद हुई। इसके अलावा 10 लाख रुपये मूल्य की महिन्द्रा XUV कार भी जब्त की गई। कुल 606.9 बल्क लीटर शराब और वाहन सहित 12 लाख 50 हजार 53 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज
शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर थाना अंजड़ में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 262/2026, धारा 34(1) म.प्र. आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस वाहन के नंबर और चेसिस नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। कार्रवाई में निरीक्षक रेवाराम चौहान, उप-निरीक्षक दिनेश चंगोड़, प्रधान आरक्षक सुरेश पाटीदार, अजय यादव, बंशीराम चौहान तथा आरक्षक सुनील बर्डे की भूमिका रही।



