
जनोदय पंच। इंदौर के नंदानगर में फायर मशीन की टेस्टिंग के दौरान हुए हादसे के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर संबंधित दुकान को सील किया गया। हादसे में दो लोग झुलसकर घायल हुए थे। रविवार शाम नंदानगर में शादी-पार्टी में इस्तेमाल होने वाली फायर मशीन की टेस्टिंग के दौरान हादसा हुआ था। मशीन से निकले ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की आशंका के बीच दो लोग झुलसकर घायल हो गए थे। घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच शुरू की।
कलेक्टर के निर्देश पर दुकान सील
हादसे के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम निधि वर्मा के नेतृत्व में तहसीलदार निधि धाकड़ ने संबंधित दुकान पर कार्रवाई की। जांच के दौरान फायर मशीन में इस्तेमाल होने वाले लिक्विड और उससे जुड़े सुरक्षा पहलुओं की जांच की गई। अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित दुकान आवासीय क्षेत्र में स्थित है।

रिहायशी इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता
एसडीएम निधि वर्मा ने बताया कि नंदानगर से घटना की सूचना मिलने के बाद मौके की स्थिति और फायर मशीन में इस्तेमाल होने वाले लिक्विड की जांच की गई। दुकान आवासीय क्षेत्र में होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से कार्रवाई की जा रही है। ऐसी जगहों पर लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
भविष्य में हादसे रोकने के लिए कार्रवाई
प्रशासन के मुताबिक, दुकान सील करने की कार्रवाई का उद्देश्य भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाना और रिहायशी इलाकों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हादसे के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


