सेंधवा में चेन स्नेचिंग का खुलासा, सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से आरोपी गिरफ्तार, 1.20 लाख की सोने की चेन बरामद, एक आरोपी अब भी फरार
आधुनिक तकनीक और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई से चेन स्नेचिंग की वारदात का पर्दाफाश, मोटरसाइकिल भी जब्त

जनोदय पंच। सेंधवा शहर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की सहायता से चेन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 1.20 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
31 मई 2026 को फरियादी श्रीमती शोबना पति गिरीश लालका, निवासी बीएसएनएल टावर के सामने, पुराना एबी रोड, सेंधवा ने थाना सेंधवा शहर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 172/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री धीरज बबर एवं एसडीओपी महोदय श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेंधवा शहर श्री दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
सतवास से आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन और बाइक जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। साइबर सेल की सहायता से मोबाइल लोकेशन एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। तकनीकी जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सतवास, जिला देवास में घेराबंदी कर आरोपी चंदन सिंह पिता संतोष सिंह, निवासी गुरुनानक कॉलोनी, सतवास को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में लूटी गई लगभग 1.20 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन तथा वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी गुरमीत उर्फ झींगा पिता बच्चन सिंह, निवासी सतवास, जिला देवास की तलाश जारी है और पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
वारदात के त्वरित खुलासे में थाना सेंधवा शहर के थाना प्रभारी श्री दिनेश सिंह कुशवाह, उपनिरीक्षक तोताराम धारसे, उपनिरीक्षक संतोष पाटीदार, सहायक उपनिरीक्षक संजय पाटीदार, सहायक उपनिरीक्षक मनीष सोलंकी, प्रआर अश्विन शर्मा, आर 591 नीरज डांगरे, आर 555 श्यामगुण मिश्रा, आर 686 विशाल पाटिल, आर 263 गणेश चौहान तथा आर 69 रेवाराम अछाले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साइबर सेल से उपनिरीक्षक रितेश खत्री, प्रआर 180 योगेश पाटिल एवं आर 376 योगेश चौहान ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। वहीं थाना सतवास, जिला देवास से प्रआर 699 विजय, प्रआर रविराज जाधव, आर 346 राजकुमार एवं आर 516 जयदेव ने कार्रवाई में सहयोग किया।




