सेंधवा: पुराने बस स्टैंड पर बाबा साहेब की प्रतिमा का अनावरण, तिराहे का नाम बदला

जनोदय पंच, सेंधवा। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में स्थापित नई प्रतिमा के अनावरण के साथ शहर के एक प्रमुख तिराहे का नाम बदला गया। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की सहभागिता रही। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
पुराने बस स्टैंड, एबी रोड स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण सोमवार को किया गया। अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने रिबन काटकर और प्रतिमा से पर्दा हटाकर विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर डोल-ताशों की गूंज, आतिशबाजी और नारों के बीच उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में समाज बंधुओं की मौजूदगी रही।

संविधान और सामाजिक समानता पर विचार
अनावरण उपरांत अंतरसिंह आर्य ने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव और परिषद के प्रयासों की सराहना की। आर्य ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान के माध्यम से राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोया और समान अधिकार, सम्मान व न्याय की व्यवस्था दी। विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका संविधान की देन है और डॉ. अंबेडकर के कारण ही सामाजिक वर्गों को मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिला।

शिक्षा और विचारधारा पर जोर
कार्यक्रम में दीपक शर्मा ने डॉ. अंबेडकर के शिक्षा क्षेत्र में योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है। नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन को प्रेरणादायक बताया। अंत में सीएमओ मधु चौधरी ने आभार व्यक्त करते हुए प्रतिमा स्थापना में परिषद के प्रयासों का उल्लेख किया। कार्यक्रम का संचालन सुनील अग्रवाल ने किया।

बाबा साहेब अंबेडकर चौराहा घोषित
प्रतिमा अनावरण के साथ ही एबी रोड तिराहे का नाम बदलकर बाबा साहेब अंबेडकर चौराहा किया गया। मंच पर नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव, जनपद अध्यक्ष लता पटेल, एस. वीरा स्वामी, राहुल पवार, राजेंद्र मौर्य, ठीकरी, पार्षद कालू सावले मौजूद रहे। कार्यक्रम में बद्रीप्रसाद शर्मा, संजय यादव, अरुण चौधरी, लक्ष्मी शर्मा, अनीता धामोने, ललिता शर्मा, प्रखर शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। अंत में उपस्थित लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।





