मुख्य खबरेखरगोन-बड़वानी

सेंधवा में सोशल मीडिया टिप्पणी पर बवाल, सेंधवा में विधायक मोंटू सोलंकी पर आपत्तिजनक टिप्पणी से विवाद,  जयस और आदिवासी समाज ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई

जल गंगा संवर्धन अभियान के वीडियो पर की गई टिप्पणी के विरोध में जयस और सर्व आदिवासी समाज ने सौंपा ज्ञापन

जनोदय पंच। सेंधवा में विधायक मोंटू सोलंकी और आदिवासी समाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद गहरा गया है। जयस और सर्व आदिवासी समाज ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा तथा कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

जल गंगा अभियान के वीडियो से शुरू हुआ विवाद

सेंधवा में विधायक मोंटू सोलंकी और आदिवासी समाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को लेकर शनिवार को विवाद गरमा गया। जयस और सर्व आदिवासी समाज ने मामले पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। विवाद की शुरुआत 25 मई को ग्राम पंचायत पाड़छा में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यक्रम से हुई। कार्यक्रम में व्यवस्थाओं की कमी और अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर विधायक मोंटू सोलंकी ने नाराजगी जताई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट हुआ था।

आपत्तिजनक शब्दों पर जताया विरोध

जयस ब्लॉक अध्यक्ष राहुल सोलंकी के अनुसार, राजपुर निवासी प्रकाश चौहान ने वीडियो पर टिप्पणी करते हुए विधायक को “छपरियों के जिला अध्यक्ष” तथा आदिवासी युवाओं के लिए “छपरी” जैसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। समाज का आरोप है कि इस टिप्पणी से पूरे आदिवासी समाज की गरिमा को ठेस पहुंची है। इसके विरोध में बड़ी संख्या में जयस कार्यकर्ता और समाजजन ग्रामीण थाने पहुंचे तथा थाना प्रभारी ओपी चौंगडे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रकाश चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।

कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

राहुल सोलंकी ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो युवा समाज और जयस संगठन उग्र आंदोलन, चक्काजाम और प्रदर्शन करने को बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपते समय राहुल सोलंकी ने कहा कि ऐसी टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं। पुलिस प्रशासन ने आवेदन स्वीकार कर मामले की गंभीरता से जांच का भरोसा दिया। इस दौरान सीताराम बर्डे (जनपद उपाध्यक्ष, सेंधवा), सुनील नरगावे (विधायक प्रतिनिधि), विजय कुमार सोलंकी (प्रदेश सचिव, जयस), जीतेन्द्र डावर (जनपद सदस्य प्रतिनिधि), महेन्द्र सेनानी (जिला उपाध्यक्ष, जयस), प्रताप सेंगर (सरपंच प्रतिनिधि, देव जमरे) और मनसाराम (महासचिव, सेंधवा जयस) सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!