सेंधवा
डोकल्यापानी के लाल ने बढ़ाया गाँव का मान, असिस्टेंट प्रोफेसर बने विक्रम सेनानी

वरला तहसील के छोटे से आदिवासी बाहुल्य गाँव डोकल्यापानी के होनहार युवा विक्रम सेनानी ने इतिहास विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
विक्रम की इस उल्लेखनीय सफलता पर आज शासकीय हाईस्कूल डोकल्यापानी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री अनारसिंह मोरे के नेतृत्व में शिक्षकगण श्री शोभाराम यादव, श्री रमेश वास्कले, श्री श्रीराम डावर, श्री विजय वास्कले एवं समस्त स्टाफ ने फूल-मालाओं से उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर हर्ष व्यक्त किया।
प्रभारी प्राचार्य श्री मोरे ने कहा कि “विक्रम ने साबित कर दिया है कि संसाधन नहीं, संकल्प बड़ा होना चाहिए। एक छोटे से गाँव से निकलकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जाना सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है।”

गौरतलब है कि विक्रम सेनानी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी गांव से प्राप्त की है। उनका यह संघर्ष और सफलता ग्रामीण अंचल के बच्चों के लिए एक मिसाल है ।



