बड़वानी; नागलवाड़ी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से पानी का प्रवाह शुरू

बड़वानी; भीषण गर्मी के इस मौसम में फसलों को जीवनदान देने और किसानों की जरूरत को देखते हुए प्रशासन द्वारा एक बड़ा कदम उठाया गया है। कार्यपालन यंत्री नर्मदा विकास संभाग क्रमांक 14 ठीकरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के कृषकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार भीषण गर्मी के चलते सिंचाई हेतु पानी छोड़े जाने की मांग की जा रही थी। इसी तारतम्य में त्वरित कार्रवाई करते हुए नांगलवाड़ी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से सिंचाई हेतु पानी का प्रवाह प्रारंभ कर दिया गया है। नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-14 ठिकरी द्वारा संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2023 में पूर्ण कर लिया गया था, जिसके बाद से लगातार इससे सिंचाई हेतु सुचारू रूप से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
यह परियोजना बड़वानी और खरगोन जिले के कुल 124 गांवों के 47,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध करा रही है। इसके तहत बड़वानी जिले की राजपुर तहसील के 42 गांवों की 16,877.87 हेक्टेयर भूमि तथा ठिकरी तहसील के 08 गांवों की 1,845.68 हेक्टेयर भूमि को कवर किया गया है। इसके साथ ही, खरगोन जिले की सेगांव तहसील के 51 गांवों की 19,158 हेक्टेयर भूमि और खरगोन तहसील के 23 गांवों की 9,121 हेक्टेयर भूमि इस उद्वहन सिंचाई व्यवस्था से लाभान्वित हो रही है।



