खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

खेतिया में गाजे-बाजे के साथ हुआ दशा माता का भव्य आगमन, 10 दिनों तक होगी विशेष पूजा

शंकर सिरसाठ। खेतिया। नगर खेतिया में दीप अमावस्या के पावन पर्व पर बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ दशा माता का भव्य आगमन हुआ। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी महिलाओं ने विधि-विधान से दशा माता की स्थापना की। माता के आगमन को लेकर सुबह से ही नगर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

दीप अमावस्या को हरियाली अमावस्या के नाम से भी जाना जाता है। इसी दिन से दशा माता पर्व की शुरुआत मानी जाती है। सुबह महिलाओं द्वारा दशा माता की प्रतिमा को गाजे-बाजे और ढोल-ढमाकों के साथ नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
मान्यता के अनुसार दशा माता का व्रत 10 दिनों तक चलता है। महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि और घर-परिवार की दशा सुधारने की कामना को लेकर दशा माता का पूजन करती हैं। दस दिनों तक घरों में स्थापित दशा माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, आरती और माता की कथा का आयोजन किया जाएगा।

दसवें दिन श्रद्धालुओं द्वारा गाजे-बाजे के साथ दशा माता की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। दशा माता के आगमन को लेकर नगर में महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे नगर में माता के जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!