राजनीतिभोपालमुख्य खबरे

भोपाल में जेपी नड्डा का राहुल गांधी पर हमला, बोले- जीतने पर खुद को होशियार और हारने पर चुनाव आयोग को बताते हैं बेईमान

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में कांग्रेस पर बरसे भाजपा नेता, मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी लगाए आरोप।

जनोदय पंच। भोपाल में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान पार्टी नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। चुनाव आयोग, एसआईआर और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए गए। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए।

बुधवार को राजधानी भोपाल में आयोजित पदयात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल हुए।

केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए उन्हें ‘अबोध बालक’ बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति कॉलेज के उस विद्यार्थी जैसी है, जो परीक्षा में पास होने पर खुद को होशियार बताता है और फेल होने पर शिक्षक को बेईमान ठहराता है।

नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी के साथ भी यही हो रहा है। चुनाव जीतने पर उन्हें चुनाव निष्पक्ष लगता है, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करने लगते हैं। उन्हें आत्मचिंतन करने की जरूरत है।

कांग्रेस को 20-30 साल तक राजनीतिक जगह नहीं मिलने का दावा

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस को अब जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले 20 से 30 साल तक कांग्रेस को राजनीतिक रूप से जगह नहीं मिलेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष गैरजिम्मेदाराना व्यवहार कर देश के विश्वास को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। कांग्रेस जाली वोटों के जरिए चुनाव जीतना चाहती थी, लेकिन चुनाव आयोग ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के माध्यम से मतदाता सूची को शुद्ध करने का काम किया है। इसमें गलत तरीके से मतदाताओं के नाम नहीं काटे गए हैं।

नड्डा ने कांग्रेस शासनकाल में लगी इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान करीब 1.30 लाख लोगों को जेल में डाला गया था। उन्होंने दावा किया कि अंग्रेजों से भी ज्यादा समय तक कांग्रेस ने लोगों को जेल में रखा। अपना अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों में उन्हें भी क्लासरूम से उठाकर ले जाया गया था। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति के तरीके को पत्थर मारकर भागने जैसा बताया।

मोदी के खिलाफ अपशब्दों को लेकर कांग्रेस पर हमला

नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बौखलाहट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि नाली का कीड़ा और बिच्छू जैसे शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। जनता कांग्रेस को इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी।

उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश और 2028 में मध्यप्रदेश के चुनावी मैदान में दो-दो हाथ कर लेना, तब पता चल जाएगा कि सरकार किसकी बनती है।

मोहन यादव बोले- कांग्रेस लोकतंत्र का मजाक उड़ा रही

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर लोकतंत्र का मजाक उड़ाने और न्यायालय का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं। मोदी जनता के नेता हैं और जनता का विश्वास उनके साथ है। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

हेमंत खंडेलवाल ने विदेशी ताकतों से सहयोग लेने का लगाया आरोप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि देश में अब तक हुए 12 एसआईआर में से 10 कांग्रेस की सरकारों के कार्यकाल में हुए हैं। इसके बावजूद कांग्रेस आज एसआईआर को लेकर सवाल उठा रही है।

खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी राजनीति में आरोप लगाकर भागने की रणनीति अपना रहे हैं और विदेशी ताकतों से सहयोग लेकर भारत को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को बचाने और अराजकता को हटाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!