खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

कॉलेज चलो अभियान के तहत शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में प्रवेश मेले का आयोजन

विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, ऑनलाइन आवेदन एवं उच्च शिक्षा के अवसरों की दी विस्तृत जानकारी, अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश दिलाने का किया आह्वान

बड़वानी ; आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार शासकीय आदर्श महाविद्यालय, बड़वानी में “कॉलेज चलो अभियान” के अंतर्गत मंगलवार को प्रवेश मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ना, उन्हें महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी देना तथा प्रवेश प्रक्रिया को सरल एवं सहज बनाना था। प्रवेश मेले में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, रोजगार, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उपलब्ध नवीन अवसरों का लाभ उठाते हुए नियमित अध्ययन एवं कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने भविष्य को संवारने के लिए समय पर महाविद्यालय में प्रवेश लेना चाहिए।

कॉलेज चलो अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल पाटीदार ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित स्नातक पाठ्यक्रमों, प्रवेश नियमों, छात्रवृत्ति योजनाओं, कैरियर मार्गदर्शन, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, खेलकूद, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने गांव, मोहल्ले, रिश्तेदारों एवं परिचितों के ऐसे छात्र-छात्राओं को भी महाविद्यालय में प्रवेश के लिए प्रेरित करें, जिन्होंने अभी तक प्रवेश नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि “हर विद्यार्थी एक नए विद्यार्थी को महाविद्यालय तक लाने का संकल्प ले”, तभी कॉलेज चलो अभियान का उद्देश्य सफल होगा।
प्रवेश प्रभारी डॉ. दिनेश पाटीदार ने विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया की चरणबद्ध जानकारी देते हुए आवेदन, दस्तावेज सत्यापन, मेरिट सूची, प्रवेश पुष्टि एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। वहीं ऑनलाइन प्रवेश प्रभारी डॉ. मानक सोलंकी ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन भरने की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

प्रवेश मेले में उपस्थित विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, छात्रवृत्ति एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय की उपलब्धियों एवं शैक्षणिक वातावरण से भी परिचित कराया गया।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश लेने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए कॉलेज चलो अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!