बड़वानी जनसुनवाई: लंबित मामलों पर सख्त हुईं कलेक्टर, स्वास्थ्य विभाग के अकाउंटेंट को नोटिस के निर्देश
जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी 77 आवेदकों की समस्याएं

बड़वानी। प्रति मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय बडवानी में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 77 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना एवं प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण समय सीमा में और प्रभावी ढंग करने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को अपने शिकायत एवं समस्या का निराकरण प्राप्त हो सके।
पति की मृत्यु होने पर नही मिली नियमानुसार राशि
जनसुनवाई में ग्राम ब्राम्हणगांव निवासी श्रीमति मोनिका कौशल पति स्व0 श्री रितेश कौशल ने आवेदन देकर बताया कि उनके पति सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ठीकरी में वार्डबाय के पद पर पदस्थ थे। उनके पति की मृत्यु 09 सितम्बर 2025 को हो गई है। पति की मृत्यु के पश्चात् उन्हे नियमानुसार मिलने वाला 300 दिवस का अर्जित अवकाश स्वीकृत होने के बाद भी उन्हे उसकी राशि अभी तक प्राप्त नही हुई है और ना ही अन्य लाभ एवं अनुकंपा नियुक्ति दी गई है। इस संबंध में वे बार-बार विभागीय कार्यालय के चक्कर लगा रही है परन्तु उनकी कोई सुनवाई नही हो रही है, अतः उन्हे राशि दिलवाई जाये। इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने उक्त प्रकरण में स्वास्थ्य विभाग के स्थापना अकाउंटेंट श्री संतोष निगवाल को कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं उन्हे पद से पदावनीति (डिमोशन) करने के निर्देश दिए।

आने-जाने का रास्ता खुलवाया जाये
जनसुनवाई में ग्राम सेगवाल निवासी रामकिशन पिता सुखलाल ने आवेदन देकर बताया कि उनके ग्राम के राहुल पिता मांग्या के द्वारा कई साल पुराने आने-जाने के रास्ते को बंद कर दिया गया है। अतः रास्ता खुलवाया जाये। इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमति सिंह ने आवेदन में तहसीलदार ठीकरी को निर्देशित किया कि वे एमसीआरसी 131 में प्रकरण दर्ज कर निराकरण कराये।
ग्राम में प्रारंभ की जाये नियमित एवं स्थायी बिजी आपूर्ति
जनसुनवाई में ग्राम सालीकला के ग्रामीणों ने आवेदन देकर बताया कि उनके ग्राम में विद्युत विभाग द्वारा कुछ समय पूर्व विद्युत पोल स्थापित कर दिय गये थे। परन्तु अभी तक उक्त पोल पर विद्युत तार नही खींचे गये, जिसके कारण ग्राम के अवाया फलिया एवं बंदोड़पुरा फलिया में विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाएं नही है। विद्युत आपूर्ति के अभाव में ग्रामीणों को अंधकारमय जीवन जीना पड़ता है। अतः विद्युत विभाग पोल पर तार लगाकर ग्राम में नियमित एवं स्थायी बिजली आपूर्ति प्रारंभ करे। इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमति सिंह ने आवेदन को विद्युत विभाग के जिला अधिकारी को भेजकर निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।
पुत्र का करवाया जाये छात्रावास में प्रवेश
जनसुनवाई में ग्राम मण्डवाड़ा निवासी श्रीमति रेशम पति विजय ने आवेदन देकर बताया कि उनके लड़के इशान बड़ोले कक्षा 8वीं उत्तीर्ण कर 9वीं कक्षा में गया है। वे अपने पुत्र का जनजातीय छात्रावास में प्रवेश करवाना चाहती है। अतः उनके पुत्र का जनजातीय छात्रावास में प्रवेश करवाया जाये। इस पर जनसुनवाई कर रही कलेक्टर श्रीमति जयति सिंह ने आवेदन में आवश्यक कार्यवाही करने हेतु सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को निर्देशित किया।



