स्वतंत्रता दिवस से पूर्व मदरसा दारुल उलूम में जागरूकता कार्यक्रम एवं ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन

सेंधवा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ए.बी. रोड स्थित मैकेनिक नगर के मदरसा दारुल उलूम में प्रिंसिपल मौलाना याकूब खानपुरी की अध्यक्षता में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मोबाइल के दुरुपयोग से होने वाले सामाजिक एवं नैतिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर मदरसे के शिक्षक मुफ्ती मोहम्मद सलमान खानपुरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मोबाइल का संतुलित और सकारात्मक उपयोग ही समाज एवं भविष्य के लिए लाभदायक है। उन्होंने मोबाइल की लत से होने वाले शैक्षणिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मदरसे के लगभग 600 तालीमयाफ्ता बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 9 विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर मदरसे के शिक्षक अब्दुल वाहिद शाह एवं समस्त शिक्षक स्टाफ ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने की बात कही।



