ईद-मिलादुन्नबी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

सेंधवा। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में आगामी ईद-मिलादुन्नबी पर्व एवं जुलूस को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर सेंधवा में मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिकों एवं आयोजकों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में *एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे, तहसीलदार श्री हितेंद्र भवसार, थाना प्रभारी श्री दिनेश सिंह कुशवाह एवं नगर पालिका सीएमओ श्री मधु चौधरी* सहित संबंधित अधिकारी एवं मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिक एवं आयोजक उपस्थित रहे।

बैठक में इन प्रमुख बिंदुओं पर हुई चर्चा
♦️ जुलूस मार्ग एवं संवेदनशील स्थल:
ईद-मिलादुन्नबी जुलूस के पारंपरिक एवं निर्धारित मार्ग की समीक्षा की गई। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
♦️ ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं गीतों पर नियंत्रण:
जुलूस के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा एवं नियमों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गीतों के प्रसारण पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

♦️ नारेबाजी एवं अनुशासन:
जुलूस के दौरान धार्मिक एवं मर्यादित नारों का ही उपयोग करने की अपील की गई। किसी भी प्रकार के उकसावे वाले, आपत्तिजनक अथवा अवांछित नारों से बचने के निर्देश दिए गए।
♦️ नागरिक सुविधाएं:
नगर पालिका सीएमओ को जुलूस मार्ग पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं पेयजल सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
♦️ सोशल मीडिया पर निगरानी:
पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने, भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने अथवा त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में एसडीओपी श्री अजय वाघमारे एवं प्रशासनिक अधिकारियों* ने उपस्थित समाजजनों से अपील की कि ईद-मिलादुन्नबी पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को पर्व एवं जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।



