बड़वानी; नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ महाविद्यालय में राष्ट्रीय शपथ ग्रहण समारोह

बड़वानी ; नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) के 6वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता एवं जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय आदर्श महाविद्यालय, बड़वानी में आज राष्ट्रीय शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी बाधा बनता है। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के रासेयो स्वयं सेवक वालेंटियर ओर विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग से स्वयं दूर रहने तथा परिवार, मित्रों और समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने “नशे को ना—जीवन को हाँ” का संदेश देते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की शपथ ली।

कार्यक्रम अधिकारी रासेयो प्रो. आर. आर. मुवेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत की नींव मजबूत की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्ति के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय परिवार ने नशा मुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने तथा नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध निरंतर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।



