भोपाल में कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर 40 लाख रुपये वसूले, फिर डेढ़ करोड़ की मांग कर झूठे केस में फंसाने की धमकी
महिला, पति और पिता के खिलाफ बागसेवनिया थाने में मामला दर्ज, दुष्कर्म के झूठे आरोप में फंसाने का डर दिखाकर रकम ऐंठने का आरोप।

जनोदय पंच। भोपाल में एक प्रतिष्ठित कारोबारी को हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का शिकार बनाकर 40 लाख रुपये वसूलने तथा बाद में डेढ़ करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
पीड़ित व्यवसायी ने बागसेवनिया थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पूरे घटनाक्रम की शुरुआत दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने से हुई थी। आरोप है कि इसी दबाव में आकर उन्होंने शुरुआत में महिला को पांच लाख रुपये दिए। इसके बाद 10 लाख रुपये नकद भी सौंपे।
लेन-देन को लेकर तैयार किया गया लिखित अनुबंध
व्यवसायी के अनुसार, रकम के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लिखित अनुबंध भी तैयार किया गया था। अनुबंध के मूल दस्तावेजों पर महिला, उसके पति और अन्य गवाहों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।
इस दस्तावेज में महिला के पिता रामकृष्ण देवड़ा को भी गवाह के तौर पर शामिल किया गया था।
40 लाख वसूलने के बाद डेढ़ करोड़ की मांग
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कारोबारी से कुल 40 लाख रुपये वसूले। इसके बाद डेढ़ करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। रकम नहीं देने पर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप है।
बागसेवनिया थाना पुलिस ने महिला, उसके पति और पिता समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


