इंदौरमुख्य खबरे

इंदौर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं, पुलिस ने नागरिकों के लिए जारी किया विशेष व्हाट्सएप नंबर

नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की फोटो और वीडियो भेज सकेंगे शहरवासी, पुलिस करेगी जांच और कार्रवाई, शिकायतकर्ता की पहचान रखी जाएगी गोपनीय।

जनोदय पंच। इंदौर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस ने नई पहल शुरू की है। अब शहर के नागरिक भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और चालकों की फोटो व वीडियो व्हाट्सएप के जरिए पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।

इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इस अभियान में सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के साथ आम नागरिकों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।

इसी कड़ी में यातायात अभियान को नए और व्यापक स्वरूप में शुरू किया गया है। इसके तहत एक विशेष व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर नागरिक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और चालकों की फोटो या वीडियो भेज सकेंगे।

शिकायतों पर कार्रवाई का बुलेटिन होगा जारी

पुलिस प्राप्त शिकायतों की जांच कर कम समय में नियमानुसार कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही प्रतिदिन प्राप्त शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई का बुलेटिन भी जारी किया जाएगा। इसमें शिकायतों की संख्या और कार्रवाई का विवरण रहेगा, लेकिन शिकायतकर्ता की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

चालान के साथ जागरूकता बढ़ाना भी उद्देश्य

पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना है।

उन्होंने अनंत चतुर्दशी चल समारोह में आम नागरिकों की अनुशासित भागीदारी का उदाहरण देते हुए कहा कि इसी जनसहभागिता से इंदौर की यातायात व्यवस्था को भी सुरक्षित और बेहतर बनाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!