इंदौर में क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, 1.70 लाख की ब्राउन शुगर के साथ एरोड्रम क्षेत्र का आरोपी गिरफ्तार
भागीरथपुरा में संदिग्ध हालत में मिला आरोपी, तलाशी में 17 ग्राम मादक पदार्थ बरामद, पुलिस अब तस्करी नेटवर्क और सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

जनोदय पंच। इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 लाख 70 हजार रुपए बताई गई है।
क्राइम ब्रांच की टीम अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए शहर में लगातार गश्त और संदिग्धों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम जीवीएस मोटर, एमआर-04 रोड, भागीरथपुरा के पास पहुंची। यहां सड़क किनारे एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया।
पुलिस टीम को देखकर वह घबराने लगा। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहित उर्फ लल्लू निवासी एरोड्रम थाना क्षेत्र बताया।
तलाशी में 17 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपी ने अपनी जेब से जिपलॉक पन्नी निकालकर पुलिस को दी। जांच करने पर उसमें 17 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस
क्राइम ब्रांच अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ब्राउन शुगर कहां से लेकर आया था और किन लोगों को इसकी सप्लाई करने वाला था। साथ ही नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।



