इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर पुलिस का पहरा, 60 से 70 बिंदुओं पर तैयार हुई सुरक्षा व्यवस्था
15 नवंबर को बायपास स्थित डिलाइट दस्तूर ग्राउंड पर होगा लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट, ड्रोन निगरानी, बैगेज स्कैनर और कड़ी चेकिंग के बाद ही मिलेगी आयोजन की अनुमति।

जनोदय पंच। इंदौर में पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को होने वाले लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 60 से 70 बिंदुओं पर सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है।
इंदौर के बायपास स्थित डिलाइट दस्तूर ग्राउंड पर आयोजित होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर बुक माय शो की ओर से अनुमति के लिए आवेदन किया गया है। डीसीपी अमन राठौर के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों और आयोजकों के बीच बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
इनमें भीड़ प्रबंधन, पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर्स की तैनाती, इलेक्ट्रिकल सेफ्टी, फायर सेफ्टी, मेडिकल सुविधाएं और यातायात व्यवस्था प्रमुख रूप से शामिल हैं। आयोजन की अनुमति फिलहाल विचाराधीन है।
ड्रोन और बैगेज स्कैनर से होगी निगरानी
दर्शकों की सुरक्षा के लिए कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने और अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने की योजना बनाई गई है। प्रवेश द्वारों पर बैगेज स्कैनर और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे। बिना जांच और स्कैनिंग के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। टिकट और पास की भी सख्ती से जांच होगी।

धमकियों की सूचनाओं के बाद पुलिस अलर्ट
डीसीपी अमन राठौर ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर पहले भी धमकियां मिलने की सूचनाएं सामने आई हैं। इसे देखते हुए क्राइम ब्रांच और पुलिस की अन्य टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर चौबीसों घंटे चेकिंग की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
अंतिम निरीक्षण के बाद मिलेगी आयोजन की अनुमति
पुलिस अधिकारियों द्वारा आज कार्यक्रम स्थल का अंतिम निरीक्षण किया जाएगा। डीसीपी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सुरक्षा के सभी निर्धारित मापदंड पूरे पाए जाने पर ही आयोजन की अनुमति जारी की जाएगी।



