सेंधवा में जैन मंदिर में मनाई गई ज्ञान पंचमी, आगम और धर्म ग्रंथों का विधि-विधान से किया पूजन
श्वेतांबर मूर्तिपूजक जैन संघ के आयोजन में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साह से की ज्ञान की आराधना

जनोदय पंच। सेंधवा के प्रतापगंज स्थित जैन मंदिर में शनिवार को ज्ञान पंचमी महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आगम और धर्म ग्रंथों का विशेष पूजन किया गया। समाज के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने सामूहिक रूप से ज्ञान की आराधना में भाग लिया।
श्वेतांबर मूर्तिपूजक जैन संघ द्वारा शनिवार, 14 नवंबर 2026 को सुबह 9:30 बजे प्रतापगंज स्थित जैन मंदिर में ज्ञान पंचमी महोत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर जी में ज्ञान के खमासने का कार्यक्रम हुआ, जिसमें समाज के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने बड़े उत्साह से ज्ञान की पूजा की।
आगम और धर्म ग्रंथों का किया विशेष पूजन
कार्यक्रम के दौरान मंदिर जी में विराजमान आगम ग्रंथों और धर्म ग्रंथों का विशेष पूजन किया गया। ग्रंथों को सुंदर वस्त्रों से सजाया गया। इसके बाद पुष्प, चंदन और अष्टद्रव्य से पूजा-अर्चना की गई। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से ज्ञान के खमासने दिए।
जैन धर्म में ज्ञान पंचमी का विशेष महत्व
मीडिया प्रभारी नीलेश जैन ने बताया कि जैन धर्म में ज्ञान पाचम का विशेष महत्व है। कार्तिक शुक्ल पंचमी को मनाया जाने वाला यह पर्व ज्ञान की आराधना का पर्व है। मान्यता है कि दीपावली जहां बाहरी अंधकार को मिटाती है, वहीं ज्ञान पाचम भीतर के अज्ञान रूपी अंधकार को दूर करता है।
उन्होंने बताया कि इस दिन ज्ञान की पूजा और खमासना करने से ज्ञानावरणीय कर्मों का क्षय होता है और बुद्धि में निर्मलता आती है।

जैन संघ और महिला मंडलों के सदस्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर श्वेतांबर मूर्तिपूजक जैन संघ, आदिनाथ महिला मंडल और प्रेरणा बहु मंडल के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



