राजपुर में पतंगबाजी विवाद के बाद पथराव, पुलिस ने संभाली स्थिति
पतंगबाजी के दौरान हुए विवाद ने पथराव का रूप लिया, मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति नियंत्रित की।

बड़वानी जिले के राजपुर में पतंगबाजी को लेकर हुए विवाद के बाद पथराव की स्थिति बन गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कदम उठाए गए। कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
बड़वानी जिले के राजपुर क्षेत्र में पतंगबाजी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पथराव की घटना सामने आई। घटना पंचायतवाड़ी क्षेत्र में हुई, जहां कुछ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी भी सामने आई है।
धीरज बब्बर, एडिशनल एसपी
मौके पर पहुंचा पुलिस बल
घटना की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी धीरज बब्बर, पुलिस बल के साथ राजपुर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस थाना राजपुर में एक पक्ष द्वारा हंगामा किया गया, जिसके बाद आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
प्रशासन ने संभाली स्थिति
एएसपी बब्बर ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद के बाद पत्थरबाजी की घटना हुई थी। प्रशासन द्वारा तत्काल आवश्यक कदम उठाए गए, जिससे शांति व्यवस्था कायम की गई। क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त की जा रही है।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें। वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई गई है।



