सेंधवा। ग्राम सिलदड़ में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न

जनोदय पंच। सेंधवा। शिवरात्रि पर शहर स्थित शिवालयों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। देवझीरी मंदिर में रात 12 बजे बाद से दर्शन पूजन को भीड़ उमड़ी। किला परिसर स्थित श्री राजराजेश्वर मंदिर, पातालेश्वर मंदिर में सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालु पूजन, अभिषेक के लिए उमड़े। शहर के निकट निवाली रोड स्थित ग्राम सिलदड़ स्थित शिवशक्ति नवग्रह धाम में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः काल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का दूध, जल एवं गन्ने के रस से विधिवत अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मंदिर के संस्थापक द्वारा श्रद्धालुओं के लिए साबूदाने की खिचड़ी एवं चाय की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे दूर-दराज से आए भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में खाटू के श्याम बाबा की आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सायंकालीन बेला में महिलाओं द्वारा शिव भक्ति के भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।
आयोजन के दौरान व्यवस्था सुचारू रही तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

महाशिवरात्रि पर्व का यह आयोजन ग्राम सिल्दड़ में आस्था, एकता और धार्मिक उत्साह का प्रतीक बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिवशक्ति नवग्रह धाम में आयोजित महाशिवरात्रि पर्व ने श्रद्धालुओं के मन में विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। इसी प्रकार शहर के निकट धनोरा मार्ग पर वाकी गोई में शिव शक्ती धाम में शिवरात्री पर उत्साह के साथ श्रद्धालुओं ने दर्शन कर प्रसादी पाई।



