खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

वरला में दिल्ली की हाईप्रोफाइल चोरी का खुलासा, तीन अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख का सोना बरामद

वरला पुलिस की घेराबंदी सफल, दिल्ली की चोरी के तीन आरोपी दबोचे, दिल्ली पुलिस ने जताया बड़वानी का आभार

जनोदय पंच। बड़वानी जिले की वरला पुलिस ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से हाईप्रोफाइल चोरी के तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर 12.5 तोला सोना बरामद किया है। आरोपियों और जब्त मशरुका को वैधानिक कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस सफलता पर दिल्ली पुलिस ने बड़वानी पुलिस का आभार जताया।


दिल्ली पुलिस की सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों की धरपकड़ के साथ अन्य राज्यों एवं जिलों से आने वाली पुलिस टीमों को शत-प्रतिशत सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 24 जून 2026 को थाना लक्ष्मी नगर (पूर्वी दिल्ली) के सब इंस्पेक्टर शाह फैसल अपनी टीम के साथ थाना वरला पहुंचे। उन्होंने बताया कि 18 जून 2026 को दिल्ली में एक मकान से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण चोरी हुए थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ग्राम उमर्टी (वरला) तथा पलसूद-ओझर क्षेत्र में मिली।

घेराबंदी कर तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नारायण रावल ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। 24 जून को पहली दबिश के दौरान आरोपी फरार हो गए, जिसके बाद वरला पुलिस ने सूझबूझ से उनकी रेकी कराई। सटीक सूचना मिलने पर 25 जून 2026 को ग्राम उमर्टी में दोबारा घेराबंदी कर दबिश दी गई और तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुलेन्द्रसिंह पिता प्रीतमसिंह करनाला (26 वर्ष) निवासी ग्राम उमर्टी, अकालसिंह पिता राजेंद्रसिंह टकराना (22 वर्ष) निवासी पलसूद तथा प्रकाशसिंह पिता जुवानसिंह पटवा (25 वर्ष) निवासी ओझर शामिल हैं।

12.5 तोला सोना बरामद, दिल्ली पुलिस को सौंपे आरोपी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 12.5 तोला सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 19 से 20 लाख रुपये है, बरामद किए। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों और जब्त मशरुका को दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई की सफलता पर दिल्ली पुलिस ने पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल सहित बड़वानी पुलिस का विशेष आभार व्यक्त किया।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक नारायण रावल (थाना प्रभारी, वरला), उपनिरीक्षक छन्नुलाल चौहान, सहायक उपनिरीक्षक महेन्द्रसिंह चौहान (बीट प्रभारी), आरक्षक विपेश सिंह तथा एफआरवी-112 के कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही। संयुक्त प्रयासों से अंतरराज्यीय आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सोने की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की गई।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!