राजपुर में ओवरलोडिंग के विरुद्ध सख्त रुख, चालकों व वाहन स्वामियों को दी गई विस्तृत समझाइश
संयुक्त बैठक में RTO एवं यातायात पुलिस ने नियमों के पालन हेतु किया जागरूक, उल्लंघन पर कार्यवाही के दिए संकेत

बड़वानी; जिला बड़वानी में पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशानुसार “पहले समझाइश, बाद में कार्यवाही” अभियान के तहत दिनांक 24.03.2026 को थाना राजपुर में ओवरलोडिंग पिकअप चालकों एवं वाहन स्वामियों की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) श्री राकेश भूरिया, थाना प्रभारी यातायात श्री विनोद सिंह बघेल तथा थाना प्रभारी राजपुर श्री विक्रम बामनिया द्वारा उपस्थित चालकों एवं वाहन स्वामियों को यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत रूप से जागरूक किया गया।
उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि मालवाहक वाहनों में किसी भी प्रकार की सवारी अथवा अधिक संख्या में मजदूरों का परिवहन न किया जाए तथा आवश्यकता अनुसार सीमित संख्या में ही मजदूरों को ले जाया जाए। साथ ही सभी वाहन चालकों को अपने-अपने वाहनों के समस्त दस्तावेज, जैसे पंजीयन, बीमा, फिटनेस, परमिट आदि पूर्ण एवं वैध रखने तथा वाहन संचालन के दौरान यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने हेतु समझाइश दी गई।
इसके अतिरिक्त वाहनों में डीजे साउंड सिस्टम का उपयोग कर संचालन न करने, निर्धारित क्षमता से अधिक भार न ढोने तथा सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के संबंध में भी निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान लगभग 20–21 वाहन चालकों को मौके पर समझाइश देकर नोटिस जारी किए गए तथा भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्यवाही किए जाने के संबंध में अवगत कराया गया। उक्त अभियान के तहत इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
बैठक में थाना प्रभारी राजपुर श्री विक्रम बामनिया, थाना प्रभारी यातायात श्री विनोद सिंह बघेल एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री राकेश भूरिया उपस्थित रहें।



