बड़वानी; 600 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया करियर मार्गदर्शन, सरकारी स्कूलों में निशुल्क काउंसलिंग देंगे डॉ. प्रियांश

बड़वानी; प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में 600 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर शिक्षा, लक्ष्य निर्धारण और व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए। कार्यक्रम की शुरुआत करियर काउंसलर डॉ. प्रियांश शिमले ने अपने गुरु डॉ. मधुसूदन चौबे का सम्मान करते हुए उन्हें द्रोणाचार्य की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि यह केवल करियर काउंसलिंग नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का अवसर है। विद्यार्थियों से उन्होंने सकारात्मक सोच अपनाने, खुद पर विश्वास रखने और अपने लक्ष्य को स्पष्ट करने का आह्वान किया।

डॉ. शिमले ने कहा कि हर माता-पिता अपने बच्चों को सफल देखना चाहते हैं, लेकिन गलत संगति और नकारात्मक सोच कई बार युवाओं को लक्ष्य से भटका देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जिस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं, उससे जुड़ा लक्ष्य हमेशा अपनी आंखों के सामने रखें और उसी दिशा में लगातार प्रयास करें।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. प्रियांश शिमले ने घोषणा की कि वे अब बड़वानी में रहकर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को निशुल्क करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराएंगे। अंत में विद्यार्थियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने का संकल्प लिया। आयोजन में जनजाति कार्य विभाग की सहायक आयुक्त रंजना सिंह, करियर सेल की टीम तथा उत्कृष्ट विद्यालय एवं पीएमश्री बालक हायर सेकेंडरी स्कूल के 600 से अधिक विद्यार्थी उपस्थित रहे।



