बड़वानी समर कैंप में बच्चों के लिए ब्राइटर माइंड्स कोर्स शुरू, मानसिक विकास गतिविधियों से बढ़ा उत्साह
20 मई से 31 मई तक चलने वाले कोर्स में 30 से अधिक बच्चे सहभागिता कर रहे हैं।

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित समर कैंप के दौरान बच्चों के लिए “ब्राइटर माइंड्स कोर्स” संचालित किया जा रहा है। कोर्स में बच्चे आंखों पर पट्टी बांधकर रंग पहचानने और बिना देखे पेंटिंग जैसी गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के मार्गदर्शन में पुलिस कंट्रोल रूम बड़वानी में समर कैंप आयोजित किया जा रहा है। कैंप के अंतर्गत आरक्षक वर्षा राठौर द्वारा “ब्राइटर माइंड्स कोर्स” संचालित किया जा रहा है। यह कोर्स 20 मई 2026 से प्रारंभ होकर 31 मई 2026 तक चलेगा।
बच्चों ने दिखाई मानसिक क्षमता
कोर्स में 30 से अधिक बच्चे सहभागिता कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों द्वारा आंखों पर पट्टी बांधकर रंगों की पहचान करना, बिना देखे पेंटिंग में रंग भरना एवं नंबर पहचानने जैसी गतिविधियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। कोर्स का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक क्षमता विकसित करना है।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल एवं सूबेदार अलका वास्केल ने बच्चों की गतिविधियों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बच्चों की एकाग्रता एवं मानसिक क्षमता की सराहना की।



