सेंधवा में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा के बीच निकला धार्मिक उत्साह का काफिला
सेंधवा में अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिवस

जनोदय पंच: सेंधवा में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को धार्मिक उत्साह और अकीदत के साथ नगर जुलूस निकाला गया। जुलूस में समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। शहर के विभिन्न मार्गों से निकले जुलूस का समापन मोतीबाग दरगाह पर फातिहा ख्वानी के बाद हुआ।

जुलूस में दिखा उत्साह और धार्मिक उल्लास
सेंधवा में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिवस ईद मिलादुन्नबी के रूप में मनाया गया। बुधवार सुबह 10 बजे शहर के अलग-अलग हिस्सों से जुलूस निकाला गया, जो मुख्य मार्गों से होते हुए पुराना एबी रोड पहुंचा।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकले जुलूस में नात-ए-पाक और सलाम पेश किए गए। इस दौरान पूरा मार्ग “सरकार की आमद मरहबा” और “आका की आमद मरहबा” के नारों से गूंज उठा।

जुलूस में छोटे बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक समाजजन पारंपरिक पहनावे में शामिल हुए। लोगों के हाथों में धार्मिक झंडे थे और साउंड सिस्टम पर नात की धुनें गूंजती रहीं। डीजे पर बज रही नात-ए-पाक के बीच अकीदतमंद आगे बढ़ते नजर आए।

विभिन्न मार्गों से होकर पहुंचा जुलूस
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मौलाना आजाद चौक, जोगवाड़ा रोड, ईरानी कॉलोनी, निवाली रोड, मैकेनिक नगर, टैगोर बेड़ी, खलवाड़ी, राम रहीम कॉलोनी, मोतीबाग, दावल बेड़ी और पेट्रोल पंप क्षेत्र से जुलूस निकले।
सभी जुलूस मौलाना आजाद चौक पहुंचे। यहां से जुलूस का काफिला भवानी चौक होते हुए फव्वारा चौक पहुंचा। इसके बाद पुराने एबी रोड से पशु चिकित्सालय के पास होते हुए खलवाड़ी मार्ग से मोतीबाग मस्जिद पहुंचा।
मोतीबाग स्थित दरगाह पर फातिहा ख्वानी की गई। इसके बाद देश में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ मांगी गई। दुआ के बाद जुलूस का समापन हुआ और लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।

जगह-जगह लगाए गए जलपान के स्टॉल
जुलूस मार्ग पर समाजजनों और विभिन्न संगठनों की ओर से जलपान की व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह स्टॉल लगाकर जलेबी, पोहे, दूध, फल, शरबत, बिस्किट और हलवे का वितरण किया गया।
शहर में जुलूस के स्वागत के लिए आकर्षक साज-सज्जा भी की गई थी। पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह के साथ आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल नजर आया। लोगों ने अमन, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

पुलिस-प्रशासन ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
जुलूस को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एसडीएम आशीष, एसडीओपी अजय वाघमारे, तहसीलदार हितेंद्र भावसार, शहर थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह, ग्रामीण टीआई ओपी चौंगड़े और मुख्य नगर पालिका अधिकारी मधु चौधरी सहित अधिकारी एवं कर्मचारी व्यवस्था में मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर के अलग-अलग पॉइंट पर पुलिस जवान तैनात किए गए। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। निगरानी के लिए करीब 100 सीसीटीवी कैमरों और 2 ड्रोन कैमरों की मदद ली गई। ऊंची इमारतों पर भी पुलिस जवान तैनात रहे।

इसी तरह वरला और बलवाड़ी में भी ईद मिलादुन्नबी का त्योहार मनाया गया। वहां नगर जुलूस निकाला गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रास्ते में दूध, शरबत, बिस्किट, फल और हलवे का वितरण किया गया।



