पानसेमल में 7 नई सड़कों की सौगात, विधायक बरडे ने किया करोड़ों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
ढोल-ताशों की गूंज और आतिशी उत्साह के बीच ग्रामीणों ने किया विधायक का भव्य स्वागत, नाचते-गाते भूमिपूजन स्थल तक लेकर पहुंचे

रमन बोरखड़े। पानसेमल। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक श्री श्याम बरडे ने जनपद पंचायत राजपुर की ग्राम पंचायत दानोद एवं रेवज्या में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सात नवीन सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के अनेक गांवों एवं फलियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और ग्रामीण विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
विधायक श्री बरडे के क्षेत्र में पहुंचने पर ग्रामवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशों और उत्साहपूर्ण नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। ग्रामीणजन ढोल-ताशों की धुन पर नाचते-गाते हुए विधायक को भूमिपूजन स्थल तक लेकर पहुंचे। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की सौगात मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए विधायक का आभार जताया।
सात नवीन सड़क मार्गों से गांवों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
भूमिपूजन के अंतर्गत निम्नलिखित सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।
ग्राम पंचायत दानोद के तीन सड़क निर्माण कार्य
- दानोद से आच्छालिया फलिया मार्ग।
- राजपुर-खेतिया रोड से बड़फाटा फलिया मार्ग।
- राजपुर-खेतिया रोड से गोथरिया फलिया मार्ग।

ग्राम पंचायत रेवज्या के चार सड़क निर्माण कार्य
- रेवज्या रोड से टपकला फलिया मार्ग।
- पलसूद-निवाली रोड से कालधवली फलिया मार्ग।
- निवाली-पलसूद रोड से सूल्या फलिया मार्ग।
- पलसूद-सेंधवा रोड से जुनापानी फलिया मार्ग।
प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में विकसित मध्यप्रदेश का संकल्प
इस अवसर पर विधायक श्री श्याम बरडे ने अपने संबोधन में कहा कि देश के लोकप्रिय नेता, हमारे प्रेरणास्रोत यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश के लाडले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हम मध्यप्रदेश को विकास और प्रगति के पथ पर तेजी से आगे लेकर जा रहे हैं। हमारा संकल्प है कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में मध्यप्रदेश अग्रणी भूमिका निभाए।

उन्होंने कहा कि पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो, सड़कों का निर्माण हो, गांवों की मूलभूत सुविधाएं हों, नगरीय विकास हो अथवा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और माता-बहनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की बात हो, प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
विधायक ने आगे कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों से गांव-गांव तक विकास पहुंचाया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि पानसेमल विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव और कोई भी फलिया विकास की राह से अछूता न रहे। विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी और हम सभी मिलकर समृद्ध एवं विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाएंगे।
ग्रामीण विकास के लिए सड़कें बनेंगी प्रगति का आधार
विधायक श्री बरडे ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ने और गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ग्रामीण अंचलों में आवागमन को सुगम बनाने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इन नवीन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की विकास यात्रा को नई गति प्राप्त होगी।
जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री रामेश्वर रावत, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ओम सोनी, आईएफसी सदस्य श्री तरुण गोले, मंडल महामंत्री श्री चेतन राठौड़ एवं श्री बाटा जमरे, श्री सालेगराम धनगर, श्री योगेश शर्मा, श्री योगेन्द्र कुशवाह, श्री सीताराम डावर, श्री रमेश खरते, श्री नरसिंह, श्री राकेश, श्री राजकमल, श्री आकाश, श्री दिनेश, श्री गुमान, श्री सुनील रेला, श्री सिकला, श्री दुधीलाल, नारला सरपंच श्री ढुलया सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



