अवैध शराब, जुआ-सट्टा और गांजे पर पुलिस की सख्ती, एसपी ने दिए जीरो टॉलरेंस के निर्देश, राजपुर में जुए की बड़ी टेबल हो रही संचालित!
क्राइम मीटिंग में थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा, लंबित अपराधों के निराकरण से लेकर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तक के लिए तय की कार्रवाई

रमन बोरखड़े। बड़वानी। जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित अपराधों, संपत्ति संबंधी मामलों, फरार आरोपियों और अवैध गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही वर्षांत से पहले लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
जुए की अवैध टेबल को लेकर राजपुर की छवि पर सवाल
राजपुर क्षेत्र में पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद अवैध जुए के संचालन पर पूरी तरह अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। क्षेत्र में जुए की बड़ी टेबल संचालित होने को लेकर चर्चाएं लगातार सामने आती रही हैं। सूत्रों के अनुसार, जुआ संचालित करने वाले लोग पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए राजपुर शहर के आसपास अलग-अलग गांवों में ठिकाने बदलते रहते हैं। बताया जा रहा है कि रात के समय इन स्थानों पर जुए की बड़ी टेबल लगाई जाती हैं, जहां लाखों रुपए का लेन-देन होता है। यदि इन गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो हार-जीत की रकम को लेकर जुआरियों के बीच विवाद की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में क्षेत्र में किसी बड़े विवाद या अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। लगातार कार्रवाई के बावजूद जुए के ठिकानों को लेकर उठ रहे सवाल पुलिस की निगरानी और प्रभावी कार्रवाई को लेकर चिंता पैदा करते हैं।
लंबित अपराधों और संपत्ति संबंधी मामलों की समीक्षा
23 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल की अध्यक्षता में जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों की क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। इसमें जिले की कानून-व्यवस्था, अपराधों की स्थिति और लंबित प्रकरणों की थाना-वार समीक्षा की गई।
बैठक में चोरी, नकबजनी, लूट और वाहन चोरी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों की समीक्षा की गई। इन मामलों में 100 प्रतिशत रिकवरी करने वाले थानों की सराहना की गई। लंबित अपराधों और चालानों का शीघ्र निराकरण करने तथा विवेचना में अनावश्यक विलंब नहीं करने के निर्देश दिए गए। लंबित जप्त माल के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के साथ खात्मा-खारजी, मर्ग, गुम इंसान, शिकायतों तथा महिला एवं बच्चों संबंधी अपराधों का प्राथमिकता से निपटारा करने को कहा गया।
डिजिटल कार्यप्रणाली और सीएम हेल्पलाइन पर जोर
बैठक में सीसीटीएनएस के अंतर्गत मेडलेपर, ई-समंस, ई-साक्ष्य एवं ई-विवेचना से जुड़े कार्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में विधि-सम्मत एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

ऑपरेशन मुस्कान और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश
ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम एवं अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश कर दस्तयाबी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। धारा 363 भादवि एवं धारा 137(2) से संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस महानिरीक्षक, ग्रामीण जोन इंदौर के विशेष अभियान के अंतर्गत धारा 299 द.प्र.सं./335 बीएनएस एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही धारा 173(8) सीआरपीसी के तहत लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने पर भी जोर दिया गया।
अवैध गतिविधियों और आदतन अपराधियों पर सख्ती
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं गांजे के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आदतन अपराधियों की निगरानी बढ़ाने और ऑपरेशन पवित्र के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने, बाउंड ओवर कराने, गंभीर अपराधियों की जमानत निरस्त कराने तथा जिला बदर की कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया गया।
इसके अलावा फरार इनामी बदमाशों एवं स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी, सख्त वाहन चेकिंग, अवैध हथियारों तथा अवैध गोवंश परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना क्षेत्रों के सभी पेट्रोल पंपों एवं ढाबों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करवाने के निर्देश भी दिए गए।
साइबर अपराध एवं महिला अपराधों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और उन्हें निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी रोहित अलावा, एसडीओपी राजपुर बी.एल. अटोदे, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, डीएसपी अजाक निलेश्वरी डावर, डीएसपी महिला सुरक्षा कैलाश चौहान, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निगवाल, उषा सिसोदिया, यातायात प्रभारी विनोद बघेल, रजनी भार्गव और सूबेदार अलका वास्केल सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



