सेंधवा में पहली बार निकली भगवान जगन्नाथ रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा रथ, पूरे शहर में गूंजा हरिनाम संकीर्तन
21 फीट ऊंचे सुसज्जित रथ के दर्शन के लिए उमड़ी भीड़, पुलिस सुरक्षा के बीच भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया महाप्रसाद

जनोदय पंच। सेंधवा में बुधवार को पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र और माता सुभद्रा की रथयात्रा निकाली गई। 21 फीट ऊंचे सुसज्जित रथ के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। शहरभर में हरिनाम संकीर्तन गूंजा और महाआरती के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

पहली बार निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
सेंधवा शहर में बुधवार को पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली गई। 21 फीट ऊंचे सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान के दर्शन के लिए पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यात्रा के दौरान शहर का वातावरण “जय जगन्नाथ” और “हरे कृष्ण” के जयकारों से भक्तिमय बना रहा। ढोल-नगाड़ों और हरिनाम संकीर्तन के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ रथयात्रा में शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा और प्रमुख मार्गों व चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया।

पूजा-अर्चना और छप्पन भोग के साथ हुई शुरुआत
रथयात्रा प्रारंभ होने से पहले श्री जलाराम मंदिर परिसर में सेंधवा की महिला मंडल ने भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया। महिला मंडल ने रथ को फूलों से सजाया तथा हरिनाम संकीर्तन के लिए डीजे की व्यवस्था की। विशेष पूजा-अर्चना के बाद भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र और माता सुभद्रा की रथयात्रा विधिवत प्रारंभ हुई।

मुख्य मार्गों से निकली यात्रा, श्रद्धालुओं ने की आरती
रथयात्रा श्री जलाराम मंदिर से प्रारंभ होकर मोतीबाग चौक, शाम बाजार, राम बाजार, किला गेट, पुराना बस स्टैंड, भवानी चौक, गुरुद्वारा चौराहा और संत विनोबा मार्ग से होते हुए पुनः श्री जलाराम मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भगवान की आरती उतारी, पुष्पवर्षा की और रथ की रस्सी खींचकर श्रद्धा व्यक्त की।




महाआरती और विशाल भंडारे का हुआ आयोजन
रथयात्रा संपन्न होने के बाद महिला मंडल ने पुनः भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया। इसके पश्चात महाआरती आयोजित की गई तथा हजारों श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन की जिम्मेदारी इस्कॉन सेंधवा, जलाराम सत्संग मंडल और पूरे हिंदू समाज ने संयुक्त रूप से निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला मंडल, स्वयंसेवकों और नगरवासियों का विशेष योगदान रहा। रथ यात्रा को लेकर शहर पुलिस सहित प्रशासन भी अलर्ट रहा। वहीं नपा के स्वच्छता विभाग ने भी स्वच्छता व्यवस्था बनाई।





